देवर सहित पांच लोगों ने पति के सामने किया पत्नी से गैंगरेप
राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सामने आया है बारां जिले से, जहां एक महिला के पूर्व पति के भाई (देवर) ने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके मौजूदा पति के सामने उससे गैंगरेप कर दिया।वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
पुलिस उपाधीक्षक (DSP) योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता बाइक से अपने पति और आठ साल की बहन के साथ कामखेड़ा बालाजी के दर्शन कर राष्ट्रीय राजमार्ग 90 से होते हुए गांव लौट रही थी।उसी दौरान रास्ते में एक बुजुर्ग आरोपी ने बाइक को रुकवा लिया। बाइक के रुकते ही पीड़िता के पूर्व देवर सहित चार लोगों ने उन्हें घेर लिया और बंधक बना लिया और बहन को सड़क पर छोड़कर दंपत्ति को पास के खेत में ले गए।
आरोपियों ने पीड़िता और उसके पति के गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता आरोपियों से पति को छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी। बाद में पति के सामने ही गैंगरेप कर दिया।
DSP सिंह ने बताया कि पीड़िता की छोटी बहन अंधेरे में सड़क पर खड़ी रो रही थी। वहां से गुजर रहे वाहनों को रुकने का इशारा किया। इस दौरान एक ट्रक चालक ने ट्रक रोका और रोने का कारण पूछा, तो उसने पूरी घटना बताई।इस पर ट्रक चालक ने हाइवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों को रोका। कुछ लोगों के एकत्रित होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ट्रक चालक बच्ची के साथ घटना स्थल पहुंचा।
DSP सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पति और महिला के बयान के आधार पर पूर्व देवर सहित पांच जनों के खिलाफ गैंगरेप, अपहरण और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया है।उन्होंने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी और अन्य फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


