देहरादून से हल्द्वानी, पिथौरागढ़ के लिए चलने वाली पवनहंस हेली सेवा बंद, यात्री मायूस
हल्द्वानी: देहरादून-पंतनगर हल्द्वानी पिथौरागढ़ संचालित होने वाली पवन हंस हेलीकॉप्टर बंद हो चुकी है. हेली सेवा बंद होने से पहाड़ के लोगों को एक बार फिर झटका लगा है. चुनाव से ठीक पहले 9 अक्टूबर 2021 को उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की ओर से हेली सेवा शुरू की गई थी. जिसमें पवन हंस कंपनी का 6 सीटर हेलीकॉप्टर सेवाएं दे रहा था. ये हेलीकॉप्टर देहरादून से सुबह 9 बजे उड़ान भरकर पंतनगर- हल्द्वानी पिथौरागढ़ पहुंचता था. अब यह हेली सेवा 7 मई से बंद हो चुकी है. फिलहाल, कंपनी के अधिकारियों का तर्क है कि हेलीकॉप्टर को केदारनाथ मार्ग पर लगाया गया है.

कंपनी के इंजीनियर एपी सिंह ने बताया कि केदारनाथ मार्ग पर हेली सेवा की जरूरत को देखते हुए कंपनी का हेलीकॉप्टर वहां उड़ान भर रहा है. केदारनाथ यात्रा समाप्त होने के बाद फिर से इन रूटों पर हेली सेवा का संचालन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि फिलहाल गौचर मार्ग पर हेलीकॉप्टर का संचालन हो रहा है.
देहरादून से हल्द्वानी-पिथौरागढ़ हेली सेवा बंद होने से यात्री मायूस हैं. हेली सेवा बंद हो जाने से सबसे ज्यादा पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्र पिथौरागढ़ के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

