पुलिस टीम ने गश्त के दौरान चरस तस्कर को 3 किलो 300 ग्राम चरस के साथ किया गिरफ्तार
बनबसाः चंपावत के बनबसा में एसएसबी और पुलिस टीम ने नेपाल के तस्कर को 3 किलो 300 ग्राम चरस के साथ बॉर्डर इलाके से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक तस्कर नेपाल में स्वयं चरस तैयार करता है और भारत में महंगी दर पर बेचता है. पुलिस ने तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.
एसएसबी 57वीं वाहिनी की E-कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट गजेंद्र कुमार और शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई हेमंत कठैत की टीम भारत-नेपाल सीमा पिलर संख्या 805/8 A के पास रविवार रात गश्त कर रही थी. इसी बीच नेपाल की ओर से शारदा नदी के रोखड़ से भारतीय सीमा में प्रवेश कर चुके नेपाल के एक युवक को रोका गया.
पुलिस के मुताबिक तलाशी लेने पर युवक के पास से 3 किलो 300 ग्राम चरस बरामद हुई. पुलिस के मुताबिक तस्कर मधन बहादुर बोहरा (45) नेपाल के बझांग जिले के मष्टा गांव का रहने वाला है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने स्वयं गांव में चरस तैयार की है. पुलिस ने बताया कि तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जानकारी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में चरस की कीमत 10 लाख रुपये प्रति किलो है. यानि पुलिस और एसएसबी ने 33 लाख की चरस बरामद की है. पुलिस के मुताबिक इस महीन की सबसे बड़ी चरस तस्करी पकड़ी है.

