पुलिस ने झपट मार मोबाइल गिरोह का किया पर्दाफाश
राजू अनेजा ,काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले भर में अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत काशीपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है शहर व आसपास के क्षेत्रों में फोन झपटने की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर काशीपुर पुलिस ने चार बदमाशों को चोरी के 14 मोबाइल फोन सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

कोतवाली में पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी काशीपुर आशीष भारद्वाज ने बताया कि बीते रोज पुलिस ने मौ अल्लीखां में कब्रिस्तान रोड पर चैकिंग के दौरान चार लोगों को लूट में प्रयुक्त बुलेट व स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सहित धर दबोचा। तलाशी में उनके पास से 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं अभियुक्तों के पास से दो तमंचे व चाकू भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि यह लोग दो मोटरसाइकिल लेकर चलते हैं एक मोटरसाइकिल से राहगीर की रेकी करते तथा दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार बदमाश पीछे से आकर राहगीर का मोबाइल झपटकर भाग जाते थे। इस दौरान जरूरत पड़ने पर राहगीर को डराने के लिए तमंचा भी साथ रखते थे। पुलिस ने बताया पकड़े गए चारों अभियुक्त स्मैक के नशे के आदी हैं। इनके कब्जे से बरामद चार मोबाइल फोन की सूचना पुलिस में दर्ज है जबकि 10 मोबाइल फोन के मालिक का पता नहीं चल पाया है जिन्हें पुलिस ने अपने पास जमा कर लिया है।
गिरफ्तार झपट्टामारों के नाम दानिश पुत्र मौ नजमी निवासी लक्ष्मीपुर पट्टी, अजीम पुत्र नासिर निवासी उपरोक्त, मौ अमन पुत्र सईद अहमद, निवासी पंजाबी सराय तथा अमन उर्फ ढक्कन पुत्र हाजी अब्दुल रशीद निवासी लक्ष्मीपुर पट्टी हैं।
नशे की डोज खरीदने के लिए करते थे फोन की झपटमारी
पुलिस ने बताया कि ये लोग छीने गये मोबाइल फोन को ठाकुरद्वारा, रामपुर आदि जगहों पर जाकर बेचते थे और उससे अपने स्मैक के खर्चे पूरे करते थे। चारों के खिलाफ पहले से काशीपुर कोतवाली में आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

