क्राइम पेट्रोल धारावाहिक में काम करके लोगों को अपराध के खिलाफ जागरूक करने वाली अभिनेत्री शबरीन खुद सलाखों के पीछे पहुंच गई हैं। दरअसल, शबरीन का ब्रजेश सिंह नामक युवक से प्रेम संबंध था, लेकिन ब्रजेश का परिवार शादी के लिए राजी नहीं था।
इससे नाराज शबरीन ने उन्हें सबक सिखाने के लिए ब्रजेश के साढ़े तीन साल के भतीजे का अपहरण कर लिया।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र की पालघर जिला पुलिस ने शबरीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि प्रिंस शनिवार को रोज की तरह स्कूल गया था। दिन में करीब 11 बजे शबरीन वहां पहुंची और दवा दिलाने के बहाने उसे साथ लेकर चली गई। चूंकि बच्चा शबरीन को पहले से जानता था, इसलिए उसके साथ चला भी गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर तक जब प्रिंस घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने स्कूल में पूछताछ की। वहां से पता चला कि बच्चे को एक महिला लेकर गई है, परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल लोकेशन के आधार पर शबरीन का पता लगाया और प्रिंस को नैगांव के फ्लैट से मुक्त कराया। एजेंसी
पुलिस ने जारी किया बयान
पुलिस ने बताया कि ब्रजेश का परिवार मुस्लिम समुदाय की होने के कारण शबरीन से शादी के खिलाफ था। शबरीन ने कई बार उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन बात न बनने पर अपहरण जैसा कदम उठाया। एक अधिकारी ने बताया कि शबरीन इस कदर आसक्त हो गई कि होश खो बैठी। उसे इस बात का अहसास ही नहीं रहा कि वह एक अपराध को अंजाम दे रही है।