बहू नाश्ता देने में लेट हो गई थी, झल्लाए ससुर ने गोली मारकर हत्या कर दी
चंद रुपयों की उधारी हो या सड़क पर गाड़ी टच भर हो जाए, लोग अब जरा-जरा सी बात पर मरने-मारने पर उतारू हो जाते हैं. समाज इतना उग्र हो चुका है कि बेहद मामूली बातों पर भी जानलेवा हिंसक घटनाएं देखने को मिल जाती हैं. हत्या तक हो जाती है. आलम ये है कि अब ये सब सामान्य सा होता जा रहा है, कि ऐसा होता ही रहता है. लेकिन कुछ घटनाएं इन हालात में भी हैरान कर जाती है. महाराष्ट्र में एक ऐसी घटना हुई है. यहां केवल नाश्ता देने में देरी होने पर, फिर बताते हैं, केवल नाश्ता लेट होने पर एक व्यक्ति ने अपनी बहू को गोली मार दी.
क्या मामला है?
घटना गुरुवार 14 अप्रैल को महाराष्ट्र के ठाणे में हुई. यहां के एक निवासी काशीनाथ पाटिल ने अपनी 42 वर्षीय बहू सीमा पाटिल को सिर्फ इसलिए गोली मार दी क्योंकि उनसे ससुर को सुबह नाश्ता देने में देरी हो गई थी. गोली लगने के बाद सीमा पाटिल को अस्पताल ले जाया गया जहां 15 अप्रैल यानी आज उनकी मौत हो गई. इसके बाद रबोडी थाना पुलिस ने 76 वर्षीय काशीनाथ के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या की कोशिश) के अलावा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया.

पुलिस के मुताबिक घटना सीमा के घर पर ही हुई थी. वो सुबह के लिए नाश्ता बना रही थीं. इस दौरान वो अपने ससुर काशीनाथ पाटिल को चाय देने के लिए डाइनिंग टेबल पर गईं. आरोप है कि काशीराम नाश्ते में देरी की वजह से इतना गुस्से में था कि उसी समय अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और सीमा के पेट पर गोली चला दी. कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि काशीनाथ असल में इस बात से भड़क गया था कि सीमा ने चाय के साथ उसे कुछ खाने को नहीं दिया था.
ससुर के जानलेवा हमले से सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं. घर वाले उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले गए. लेकिन 20 घंटों की जद्दोजहद किसी काम नहीं आई. शुक्रवार को सीमा ने दम तोड़ दिया. वहीं काशीनाथ पाटिल मौके से फरार हो गया.
सीमा की एक 17 साल की बेटी है. घटना के समय वो और बाकी सभी सदस्य घर में ही मौजूद थे. पुलिस आरोपी ससुर को अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है. रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि वे काशीनाथ पाटिल का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. इसके लिए राबोडी पुलिस स्टेशन ने टीमों का गठन किया है. साथ ही तकनीकी मदद भी ली जा रही है.
चंद्रू मर्डर केस में गृह मंत्री ने अलग दावा किया, पुलिस ने ‘झूठी’ जानकारी पर चेताया

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

