बिन्दुखत्ता : दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए घर से निकले छात्र की संदिग्ध हालात में मौत
हल्द्वानी। दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए घर से निकले स्नातक के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
अग्निशमन विभाग के कार्यालय के पास उसका शव पड़ा मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बिंदुखत्ता के सुभाषनगर निवासी कमल मेहरा ने बताया कि उनका छोटा भाई नीरज मेहरा (23) बीएससी का छात्र था। सोमवार को उसका जन्मदिन था। घर में परिजनों के साथ केक काटने के बाद शाम 7:30 बजे वह दोस्तों के साथ पार्टी की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने उसका फोन मिलाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। मंगलवार सुबह लगभग 8:30 बजे जब उन्होंने नीरज के नंबर पर फोन किया तो हल्द्वानी के मेडिकल चौकी में तैनात महिला पुलिसकर्मी ने फोन उठाया और नीरज के साथ सड़क हादसा होने की सूचना दी। परिवार वाले तत्काल हल्द्वानी पहुंच गए।

पुलिस ने बताया कि नीरज का शव मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे अग्निशम विभाग कार्यालय से महज कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे पड़ा था। नीरज की मौत से उसके पिता हर सिंह मेहरा और मां कमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला सड़क हादसे का लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई भी तहरीर नहीं दी गई है।
रात में अंधेरे में डूब जाता है मंडी बाईपास
अग्निशमन कार्यालय के पास से होकर गुजर रहे मंडी बाईपास पर रोशनी का कोई प्रबंध नहीं है। रात में अंधेरा और तीव्र मोड़ होने की वजह से अब तक कई हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है। एसएसपी पंकज भट्ट ने जल्द ही सड़क पर बैरिकेडिंग लगाने और पथप्रकाश की व्यवस्था करने की बात कही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

