बेंगलुरू में पत्नी की हत्या कर कोलकाता आया, सास को गोली मारकर की आत्महत्या

खबर शेयर करें -

बेंगलुरू में रहने वाले एक 42 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की, फिर कोलकाता आकर सास को गोली मारी और बाद में आत्महत्या कर ली।लोगों के दिल दहला देने वाली घटना की पुलिस जांच कर रही है।घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला। इसमें मृतक ने लिखा कि यहां आने से पहले उसने बेंगलुरू में अपनी पत्नी की भी हत्या की थी।

मृतक अमित अग्रवाल पेशे से CA था। कई साल पहले उसकी शिल्पी धंडानिया के साथ शादी हुई थी। दोनों के 10 साल का एक बेटा भी है। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी अलग रहे थे।

पुलिस ने बताया कि अमित सोमवार शाम लगभग 5:30 बजे कोलकाता के फूलबागान इलाके स्थित अपने सास-ससुर के फ्लैट पर आया।वहां पर उन लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद अमित ने पिस्तौल निकालकर बिल्कुल पास से अपनी सास की हत्या कर दी।यह देखकर उसके ससुर डर गए और फ्लैट का दरवाजा बंद कर बाहर भाग गए। उन्होंने पड़ोसियों को मदद के लिए आवाज लगाई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने पाया कि फ्लैट में अमित और उसकी सास की लाश पड़ी है। पुलिस ने अमित की लाश के पास से पिस्तौल बरामद किया।छानबीन में पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला। इसमें अमित ने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात लिखी थी।कोलकाता पुलिस से सूचना पाकर बेंगलुरू पुलिस ने व्हाइटफील्ड इलाके में स्थित घर से उसकी पत्नी की लाश बरामद की।

अभी तक इस खौफनाक घटना की वजह का पता नहीं चल पाया है और पुलिस इसकी जांच में जुटी है। पुलिस ने मृतक के बेटे के बारे में सिर्फ यह जानकारी दी है कि वह ठीक है। वह कहां है, यह नहीं बताया गया है।