यूट्यूब से हैकिंग सीखकर 11 वर्षीय बालक ने पिता से मांगी 10 करोड़ की फिरौती
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में साइबर अपराध का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।पिछले सप्ताह एक शख्स को किसी ने उसका ईमेल हैक करने के बाद 10 करोड़ रुपये की फिरौती देने की मांग की थी।ऐसा नहीं करने पर उसकी अश्लील तस्वीरें और उसके परिवार की निजी जानकारी सोशल साइटों पर अपलोड करने धमकी दी थी।पुलिस ने मामले की जांच की तो इसके पीछे कोई और नहीं बल्कि उसका 11 वर्षीय बेटा निकला।
पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद के वसुंधरा कॉलोनी निवासी राजीव कुमार को धमकी भरा ईमेल आया था। इसमें उससे 10 करोड़ रुपये की फिरौती देने की मांग की गई थी। ऐसा नहीं करने पर उसकी अश्लील तस्वीरें और निजी जानकारी वायरल करने की धमकी दी थी।इसके बाद पिछले सप्ताह पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया था कि किसी ने उनका ईमेल हैक कर लिया था। इतना ही नहीं, हैकर ने उनका पासवर्ड और वेरिफिकेशन के लिए दिए जाने वाले मोबाइल नंबर को भी बदल दिया था।उन्होंने बताया कि हैकर की ईमेल से यह साफ जाहिर हो रहा है कि वह लगातार उनके ऊपर नजर रख रहा है। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित से सभी आवश्यक जानकारी जुटाई और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञों ने सबसे पहले यह पता लगाया कि ईमेल भेजा कहां से गया था। इसमें सामने आया कि राजीव को उसी के घर के IP एड्रेस से ईमेल भेजा गया था।असल में हर इंटरनेट डिवाइस का अपना एक IP (इंटरनेट प्रोटोकॉल) एड्रेस होता है। इस नंबर के जरिए इंटरनेट डिवाइस दूसरे नेटवर्क से कम्यूनिकेट करती है।पूछताछ में सामने आया कि राजीव को यह ईमेल उसके 11 वर्षीय बेटे ने ही भेजा था।
पुलिस ने बताया कि राजीव का बेटा फिलहाल पांचवीं कक्षा में पढ़ता है और उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर हैकिंग करना सीखा था।उसने पुलिस को बताया कि यूट्यूब पर साइबर सिक्योरिटी के बारे में पता करने के दौरान उसे ये सब जानकारी मिली।इसके बाद उसने सबसे पहले अपने पिता की ईमेल आईडी हैक कर ली और दूसरी ईमेल आईडी बना ली। इसके बाद उससे अपने पिता को 10 करोड़ की फिरौती वाला ईमेल कर दिया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


