राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर चढ़ा अभिभावकों का पारा, 103 छात्राओं को ले गए अपने घर, विद्यालय प्रशासन में मचा हड़कंप
Parents got angry due to irregularities in Rajiv Gandhi Navodaya Vidyalaya, took 103 girl students to their homes, created panic in school administration
राजू अनेजा, कोटाबाग।राजीव गांधी नवोदय विद्यालय स्यात कोटाबाग में अव्यवस्थाओं को लेकर अभिभावकों का पारा चढ़ गया। उन्होंने अभिभावक संघ के पदाधिकारियों के साथ विद्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया और 103 छात्राओं को घर ले गए। इस घटना से विद्यालय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
अभिभावकों का कहना था कि कई बार अव्यवस्थाओं को लेकर उप जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। रविवार को अभिभावक संघ के अध्यक्ष नवीन भट्ट अभिभावकों के साथ विद्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया। अभिभावकों ने उप प्रधानाचार्य अरविंद गेंजवाल से कहा कि विद्यालय में अनुशासन की भारी कमी है। विद्यालय में 349 से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं, जिसमें 160 छात्राएं हैं।
रात के समय वार्डन या शिक्षिकाएं न रहने से छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्वच्छता में भी अनियमितता का आरोप लगाया और छात्राओं की सुरक्षा की मांग करते हुए अभिभावक विद्यालय से छात्राओं को लेकर जाने लगे। देर शाम तक करीब 103 छात्राओं को अभिभावक घर लेकर चले गए। कहा कि जब तक विद्यालय में अव्यवस्थाएं रहेंगी, तब तक वे बच्चों को विद्यालय नहीं भेजेंगे।
इधर, उप प्रधानाचार्य अरविंद गेंजवाल ने बताया कि अभिभावकों को काफी समझाया गया पर वह नहीं माने। 15 दिन बाद यूनिट टेस्ट होने हैं, इससे उनकी पढ़ाई पर भी असर पड़ेगा। इस दौरान प्रभाकर, हरीश चंद्र, मुकेश त्रिपाठी, गजेन्द्र सिंह जीना, जगदीश चंद्र, गीता देवी, पूरन राम, आनंद गोस्वामी, मीना देवी, राधा देवी सहित सैकड़ों अभिभावक मौजूद थे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

