रात में पत्नी के साथ टहलने को लेकर युवक की नशेड़ियों ने की हत्या

खबर शेयर करें -

पंजाब के पटियाला में अपने पिता और पत्नी के साथ रात को खाना खाने के बाद वॉक पर (टहलने) निकले युवक की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।दो नशेड़ियों को युवक को अपने पिता और पत्नी के साथ रात को घूमना इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने शराब की बोतल और ईंट से हमला कर युवक की हत्या कर दी और दोनों आरोपी फरार हो गए।पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

अनाज मंडी थानप्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि मृतक युवक बिहार के पश्चिमी चंपारन जिले के कठार गांव निवासी मिथुन (21) पुत्र किशोर पटेल है।वह पटियाला में दिहाड़ी का काम करता था और फैक्ट्री क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ किराए पर रहता था। रात करीब 12:15 बजे वह खाना खाकर घूम रहे थे। उसी दौरान पत्नी के घूमने को लेकर उसका आरोपिायों से विवाद हो गया था।

किशोर पटेल ने पुलिस को बताया कि वह रात को खाना खाने के बाद बेटे और बहू के साथ गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब से वापस लौट रहे थे।एडी होटल के पास नशे की हालत में मिले पटियाला निवासी जगमोहन सिंह और इस्माइलाबाद निवासी भूपिदर सिंह ने पत्नी के साथ घूमने पर आपत्ति जताई।मिथुन के विरोध करने पर जगमोहन शराब की बोतल तोड़ उसके पेट में घोंप दी, जबकि भूपिदर ने ईंट से हमला कर दिया।

किशोर पटेल ने बताया कि वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। उन्होंने अन्य लोगों की मदद से मिथुन को राजिदरा अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसका उपचार किया गया, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण उसने  दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि मिथुन दिहाड़ीदार का काम करता था और करीब आठ महीने पहले ही उसने लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों परिवारों के बीच रजामंदी हो गई थी और सब कुछ ठीक चल रहा था।मिथुन के पिता अक्सर उससे मिलने पटियाला आते रहते थे।  वह बेटे को मिलने के लिए आए थे। उसके पिता ने लूट की नीयत से उन पर हमला किए जाने की आशंका जताई है।