रामनगर हादसा : रात रिसॉर्ट में हुई डांस पार्टी, डांसर थी ज्यादातर महिलाएं, कॉर्बेट स्मॉल टाउन रिसॉर्ट सीज
रामनगरः नैनीताल के रामनगर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी. ढेला नदी में पर्यटकों से भरी अर्टिगा कार बह गई. हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है. जबकि, एक युवती को सकुशल बचा लिया गया है. ये सभी लोग ढेला रामनगर स्थित रिसॉर्ट में प्रवास कर लौट रहे थे. घटना के बाद हरकत में आया प्रशासन ने बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे कॉर्बेट स्मॉल टाउन रिसॉर्ट को सीज कर दिया है.
डांसर थी ज्यादातर महिलाएंः प्रशासन ने रिसॉर्ट में छापा मारकर सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में ले ली है. जानकारी के मुताबिक, रिसॉर्ट के एंट्री रजिस्टर में पवन जैकब के नाम से ही एंट्री है. उसके साथ प्लस 7 फीमेल लिखा गया है. जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात रिसॉर्ट में डांस पार्टी हुई थी. पवन जैकब पार्टी का ऑर्गेनाइजर था. जिसने पार्टी के लिए डांसर महिलाओं का अरेंजमेंट किया था. दुर्घटना में 6 महिलाओं और 3 पुरुषों की मौत हुई है.

सीसीटीवी खोलेगा राज: यह सभी लोग ढेला के कॉर्बेट स्मॉल टाउन रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे, प्रशासन सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर कब्जे में ले ली है. स्पष्ट है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी, ताकि सारी चीजें स्पष्ट हो सकें.
पंजाब निवासी अमन है कार का मालिक: पुलिस की जांच में बता चला है कि इस हादसे में मरने वाले तीन पुरुष पंजाब के पटियाला शहर के बताए जा रहे हैं. वहीं अन्य लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस जांच में जुटी हुई है. जिस कार में हादसा हुआ है, वह कार पंजाब के अमन नाम के व्यक्ति की बताई जा रही है. पुलिस टीम सभी लोगों की और अधिक शिनाख्त में जुटी हुई है.
कार में सवार थीं रामनगर की दो बहनें: जानकारी मिली है कि कार सवार 10 लोगों में रामनगर के गुलरघट्टी निवासी दो बहनें भी सवार थीं. जिसमें आशिया नाम की युवती की मौत हो गयी, जबकि उसकी बहन नाजिया को सुरक्षित बचा लिया गया है. उसका उपचार जारी है.
एसडीएम ने क्या कहा: एसडीएम गौरव चटवाल ने बताया कि हादसे में 3 पुरुष और 6 महिलाओं की मौत हुई है. तीनों पुरुष पटियाला पंजाब के थे. दो महिलाएं रामनगर की रहने वाली थीं. एसडीएम ने कहा कि बाकी चीजें जांच के बाद ही सामने आ पाएंगी. गौरव चटवाल ने बताया कि हादसे का कारण कार का तेज रफ्तार में होना सामने आया है
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

