रामनवमी पर जेएनयू में बवाल, नॉन-वेज फूड को लेकर भिड़े एबीवीपी और लेफ्ट के छात्र
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में रामनवमी के दिन बड़ा बवाल हो गया। कैंपस में रविवार को वामपंथी छात्रों (लेफ्ट) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्र आपस में भिड़ गए।
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में रामनवमी के दिन बड़ा बवाल हो गया। कैंपस में रविवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और वामपंथी (लेफ्ट) छात्र संगठन आपस में भिड़ गए। लेफ्ट विंग के छात्रों ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर नॉन-वेज फूड खाने से रोकने का आरोप लगाया है तो वहीं, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने लेफ्ट विंग के छात्रों पर हॉस्टल में पूजा करने से रोकने का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक जेएनयू के कावेरी हास्टल में पूर्व छात्रों के द्वारा रामनवमी की पूजा की जा रही थी। वहीं वामपंथी विचार धारा से जुड़े छात्र संगठन पूजा नहीं होने देना चाह रहे थे। हालांकि पूजा शांति से हो गई। वहीं, पूजा नहीं रोक पाने पर वामपंथी छात्र संगठनों ने नॉन वेज खाने से रोकने का मुद्दा उठाया। बताया जा रहा है कि कावेरी हॉस्टल के मेनू में नॉन वेज और वेज दोनों शामिल है। एबीवीपी के कार्यकर्ता रविवार को नॉन वेज खाने बनाने और खाने से रोक रहे थे। इसी बीच एबीवीपी कार्यकर्ताओं और लेफ्ट विंग के छात्रों में धक्का-मुक्की हो गई जिसमें कुछ लोग घायल हो गए।
लेफ्ट के छात्रों ने कहा कि रविवार को छात्रावास में नॉन वेज खाना मेन्यू में शामिल है लेकिन एबीवीपी के छात्रों ने कावेरी छात्रावास के मेस में छात्रों को नॉन वेज खाने से रोक दिया जबकि एबीवीपी के आरोप है कि छात्रावास में रामनवमी की पूजा रखी गई थी लेकिन वामपंथी छात्र संगठनों ने पूजा करने से रोकने की कोशिश की। इसके बाद वामपंथी छात्र संगठनों ने रात को साढ़े सात बजे सभी संगठनों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक के बाद एबीवीपी और वाम संगठनों में मारपीट शुरू हो गई। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। इससे तीन लड़कियों समेत कुल आधा दर्जन लोगों को चोटें आई हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


