रिक्शा चालक को आयकर विभाग ने तीन करोड़ रुपये का भुगतान करने का नोटिस दिया, टैक्स चोरी का आरोप

खबर शेयर करें -

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक रिक्शा चालक को आयकर विभाग ने तीन करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करने का नोटिस दिया है. रिक्शा चालक को आईटी का नोटिस मिलने के बाद मामला पुलिस के पास पहुंच गया है.

दरअसल, मथुरा के बाकलपुर क्षेत्र की अमर कॉलोनी के प्रताप सिंह ने राजमार्ग थाने में शिकायत दर्ज करायी है. उन्होंने ठगे जाने का दावा किया है. रिक्शा चालक प्रताप सिंह ने कहा है कि उन्हें तीन करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करने का नोटिस मिला है.

आयकर का नोटिस मिलने के बाद रिक्शा चालक प्रताप सिंह ने रविवार, 24 अक्टूबर को पुलिस से संपर्क किया. रिक्शा चालक को आयकर का नोटिस मिलने के संबंध में थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि प्रताप सिंह की शिकायत के आधार पर कोई मामला तो दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस इस विषय पर गौर जरूर करेगी.

इस बीच रिक्शा चालक प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर अपनी कहानी बताई है. प्रताप का कहना है कि उसने बाकलपुर में तेज प्रताप उपाध्याय के जन सुविधा केंद्र में पैन कार्ड के लिए आवेदन दिया था, क्योंकि उसके बैंक ने उससे पैनकार्ड जमा करने को कहा था.

प्रताप सिंह के अनुसार उसे बाकलपुर के संजय सिंह के मोबाइल नंबर से रंगीन पैनकार्ड की प्रति मिली. चूंकि वह पढ़ा-लिखा नहीं है इसलिए वह मूल पैन और उसकी रंगीन प्रति में भेद नहीं कर पाया.

बकौल रिक्शा चालक प्रताप सिंह, उसे अपना पैनकार्ड पाने के लिए तीन महीने तक जगह जगह चक्कर काटना पड़ा. उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को आयकर अधिकारियों से फोन आया और उसे नोटिस दिया गया कि उसे 3,47,54,896 रुपये का भुगतान करना है.

प्रताप सिंह के अनुसार अधिकारियों ने उसे बताया कि किसी ने उसकी जगह लेकर उनके नाम पर जीएसटी नंबर प्राप्त किया और उसने 2018-19 में 43,44,36,201 रुपये का कारोबार किया. सिंह ने बताया कि आयकर अधिकारियों ने ही उन्हें प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी है.

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad