रुद्रपुर : टैंक सफाई के दौरान छह श्रमिकों के बेहोश होने से फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज़
रुद्रपुर। पंतनगर सिडकुल की एक फैक्ट्री में गंदे पानी के टैंक की सफाई के दौरान छह श्रमिकों के बेहोश होने के मामले में पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज़ कर ली है।
होश में आने के बाद श्रमिकों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ पंतनगर थाने में तहरीर सौपी थी। जिसमें पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी तहरीर में ग्राम गुड़गावा तहसील नवाबगंज जिला बरेली निवासी सचिन ने कहा कि 11 सितम्बर को वह अपने साथियों रमेश निवासी किशनपुर जिला बरेली व सुरेश निवासी ग्राम भवरकी तहसील मिलक जिला रामपुर हाल निवासी वार्ड 19 खेड़ा काम की तलाश में लेबर चौक सिडकुल में खड़े थे।

तभी प्रकाश नाम का ठेकेदार वहां पर आया और बताया कि सिडकुल की एमएमटी कम्पनी में काम होना है। ठेकेदार उसको व साथियों को कंपनी के अंदर ले गया और कंपनी के प्रबंधकों से मिलवाया। कंपनी के प्रबंधकों द्वारा कंपनी अंदर बने अंडर ग्राउंड गंदे पानी के टैंक की सफाई करने को कहा। बताया कि सीवर टैंक ज्यादा गहरा नहीं है। सचिन ने बताया कि उन्होंने देखा कि सीवर टैंक में काफी गंदा पानी भरा था और उसमें से काफी बदबू आ रही थी। कंपनी प्रबंधकों द्वारा बिना मास्क व सुरक्षा उपकरणों के उन तीनों लोगों को जबरदस्ती गंदे पानी के टैंक में भेज दिया। जिसके बाद वो गैस से सीवर टैंक में बेहोश होकर गिर गए
जिसके बाद कम्पनी के लोगों द्वारा उन्हें टैंक से निकालकर बेहोशी की हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में श्रमिक सुरेश की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएससी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि श्रमिक की तहरीर के बाद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज़ कर ली गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

