लालकुआं में पकड़ा गया पांच लाख रुपए की कीमत का अवैध लीसा

लालकुआं: वन विभाग की गोला रेंज की टीम ने लालकुआं में वन विकास निगम के डिपो नंबर 4 के पास अवैध रूप से लीसा ले जा रहे वाहन को पकड़ने में सफलता हासिल की है। वन विभाग ने वाहन को सीज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए लीसे की कीमत करीब पांच लाख रुपए आंकी जा रही है।
बुधवार को मुखबिर खास से वन क्षेत्राधिकारी गौला को सूचना मिली कि काठगोदाम बाईपास नारीमन चैराहे के पास अवैध लीसे से लदा वाहन संख्या यूके 04 सी बी 3856 आयशर द्वारा बरेली की ओर लीसा ले जाया जा रहा है तथा इस वाहन में एक बंद केविन बनाया गया है जिसमें लीसे के टिन तथा कट्टे भरे हुए हैं। सूचना पर त्वरित कार्यवाई करते हुए वन क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया तथा मुखबिर द्वारा बताए गए स्थल पर टीम द्वारा छिपकर निगरानी की गई। जैसे ही वाहन मौके से रवाना हुआ तो टीम द्वारा उक्त वाहन को पकड़ने के उद्देश्य से पीछा किया गया। यह भांपकर कि उसका पीछा किया जा रहा है, ट्रक चालक द्वारा वाहन को तेजी से बरेली रोड की ओर भगाया गया किन्तु टीम द्वारा वाहन का लगातार पीछा किया गया। मौका पाकर वाहन चालक द्वारा लालकुआं से पहले डिपो नंबर 4 के पास अन्य वाहनों की भीड़ में वाहन को साइड में लगाकर चालक भाग गया। मौके पर टीम द्वारा वाहन को अपने कब्जे में लेकर खाना तलाशी ली गई। खाना तलाशी में ट्रक में बनाए गए बंद केविन को खोल कर देखने पर केबिन में 147 कनस्तर ,4 बड़े प्लास्टिक के ड्रम तथा ,8 प्लास्टिक के कट्टो में भरा हुआ सूखा लीसा बरामद किया। इस लीसे के अभिवहन से संबंधित कोई विधिक दस्तावेज वाहन की खाना तलाशी में बरामद नहीं हुआ। अतः लीसे के अवैध अभिवहन के लिए वाहन को टीम द्वारा अभिरक्षा में लेकर फर्द तैयार की गई तथा विभागीय संसाधनों से उपरोक्तानुसार लीसे से भरे हुए उक्त वाहन को रेंज परिसर गौला में दाखिल किया। वाहन उक्त को सीज कर अग्रिम सुसंगत विधिक कार्यवाही गतिमान है। यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन मे लीसा किसके द्वारा कहां से भरा गया तथा कहां ले जाया जा रहा था। इस अवैध कृत्य में कौन-कौन लोग शामिल हैं इसकी भी जांच की जा रही है। विशेष टीम में श्री प्रमोद सिंह बिष्ट उपराजिक, श्री हेमचंद जोशी वन दरोगा, श्री शंकर दत्त पनेरु वन दरोगा, श्री ललित बिष्ट वन बीट अधिकारी, श्री यशपाल सिंह, श्री भगत, श्री विनय आदि सम्मिलित थे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

