वाहन चेकिंग के दौरान खटीमा से बरेली जा रही कार से 63.7 लाख रुपये और 11 किलो चांदी बरामद, जांच सुरु
किच्छा : पुलभट्टा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान खटीमा से बरेली जा रही कार से 63,70,000 रुपये और 11 किलो चांदी बरामद की है। जांच में यह नकदी ज्वेलर की निकली है। सूचना पर पहुंची आयकर विभाग की टीम भी मामले की जांच कर रही है।
पुलभट्टा थाना प्रभारी कमलेश भट्ट ने बताया कि बुधवार दोपहर वाहन चेकिंग की गई। इसी दौरान एक आई-10 कार के अंदर पिछली सीट पर एक बड़ा लॉकर बना दिखा। लॉकर को खोलकर चेक किया तो उसके अंदर 500 रुपये के नोटों की 110 गड्डियों से 63,70,000 रुपये नकद बरामद हुए। एक थैली के अंदर चांदी के 10 बिस्किट और चांदी की कुछ पुरानी ज्वेलरी बरामद हुई।

चांदी के 10 बिस्किट का वजन नौ किलो, पुरानी ज्वेलरी का वजन दो किलो 580 ग्राम था। कार सवार कोतवाली के पीछे खटीमा निवासी अनुपम वर्मा और अमित वर्मा बरामद नकदी और चांदी के कोई प्रपत्र पेश नहीं कर सके। थाना खटीमा के ग्राम कुमराह निवासी चालक विनोद राणा इस कार के कागजात नहीं दिखा सका। इसलिए पुलिस ने वाहन को एमवी एक्ट में जब्त कर आरोपियों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए।
सूचना पर जिला मुख्यालय से आए मुख्य आयकर अधिकारी सुनील कुमार मिश्रा, रवि कुमार, मानवेंद्र कुमार ने बरामद रुपये और जेवरात के बारे में पूछताछ की।
सुनील मिश्रा ने बताया कि आयकर विभाग हल्द्वानी के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। हल्द्वानी की टीम भी पुलभट्टा के लिए रवाना हो चुकी है। नकदी बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट, एसआई सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, ललित चौधरी, रविकांत शुक्ला, फिरोज खान, महेंद्र सिंह, प्रकाश टम्टा, हेमा मेहता, अर्पित कुमार थे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

