विद्युत कर्मी का चालान काटना उत्तराखंड पुलिस को पड़ा भारी, कट गई थाने की बिजली
ऊधमसिंहनगर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने पर ऊर्जा निगम के एक संविदा कर्मी की बाइक सीज कर दी।इससे तिलमिलाए संविदा कर्मी ने अपने साथियों की मदद से झनकईया थाने समेत आसपास के क्षेत्र की बिजली ही गुल कर दी।
इस मामले में पुलिस ने चार नामजद समेत एक अज्ञात संविदा कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।मेलाघाट निवासी और लोहियाहेड बिजलीघर में कार्यरत लाइनमैन हरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर दी।
इसमें बताया कि दो सितंबर को झनकईया थाने से फोन आया कि थाने समेत आसपास के क्षेत्र में बिजली नहीं है। इस पर उसने लाइन चेक की गई तो थाने के समीप वाले ट्रांसफार्मर के तीनों फ्यूज के तार हटे मिले। एलटी लाइन को देख कर भी पता लगा कि इसे शॉर्ट सर्किट कर बाधित किया गया है।
बताया कि फ्यूज जोड़ने की स्थिति में एलटी लाइन में स्पार्किंग हो जाती, जिससे धमाका हो सकता था। दरअसल इस काम को मुडेली निवासी जयप्रकाश ने एक अन्य व्यक्ति के साथ अंजाम दिया था। बताया गया कि ठीक उसी दिन जिस दिन बिजली गुल हुई, मुडेली निवासी संविदा लाइनमैन राकेश गौतम की बाइक भी झनकईया थाने में सीज की गई थी।
जानकारी के अनुसार बाइक सीज होने पर बदले की भावना से ट्रांसफार्मर के साथ छेड़छाड़ कर बिजली गुल की गई थी। इसमें राकेश व उसके साथी जीतू राणा, चंद्रशेखर भट्ट और जयप्रकाश राणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। थानाध्यक्ष दिनेश फत्र्याल ने बताया कि इनके अलावा एक अज्ञात के खिलाफ धारा आइपीसी 336 एवं विद्युत अधिनियम की धारा 140 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


