व्यापारी नेता राजकुमार यादव की बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

काशीपुर । प्रांतीय उद्योग प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री एवं भाजपा नेता राजकुमार यादव की बहन की रुद्रपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। नगर क्षेत्र भाजपा नेताओं एवं व्यापारी नेताओं ने व्यापारी नेता की बहन की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है।
गौरतलब है कि प्रांतीय उद्योग प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री एवं भाजपा नेता राजकुमार यादव की बहन तथा पूर्व पार्षद कविता यादव की ननद सरिता शर्मा की शादी रुद्रपुर के इंदिरा नगर की गली नं. 6 निवासी संतोष शर्मा के साथ हुई थी। सोमवार को राजकुमार यादव के पास फोन आया कि उनकी बहन जल गई है और उसका इलाज नहीं करवाया जा रहा है। जिसके बाद राजकुमार यादव न 108 एंबुलेंस को फोन किया तो सरिता के घर से यह कहकर एंबुलेंस को लौटा दिया कि यहां कोई मरीज नहीं है। जिसके बाद राजकुमार यादव ने एसएसपी उधम सिंह नगर दलीप सिंह कुंवर को फोन किया। जिसके बाद वहां पुलिस पहुंची तो देखा कि उनकी बहन जली हुई अवस्था में घर में पड़ी है। जिस पर पुलिस ने इलाज हेतु रुद्रपुर अस्पताल में भर्ती कराया जिसके बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसके परिजन सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ले गये जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जहां आज उसका पोस्टमार्टम किया जायेगा। मृतका के 1 पुत्री 15 साल की तथा एक पुत्र 8 साल का है।
वहीं भाजपा नेता राजकुमार यादव ने बताया कि उनकी बहन सरिता का पति अक्सर उनसे पैसों की डिमांड करता रहता था। उनकी बहन के जल जाने के बावजूद उसका इलाज न करवाना संदेह पैदा कर रहा है। इधर प्रांतीय उद्योग प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष एवं पार्षद राज कुमार सेठी पार्षद मनोज जग्गा दीपक गुलाटी मनोज शर्मा राजू अनेजा सौरभ बाठला मनीष सचदेवा सहित कई व्यापारी नेताओं ने व्यापारी नेता की बहन की मौत पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोकाकुल परिवार को सांत्वना व्यक्त की।

