हल्द्वानी : अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम और पुलिस की टीम के विरोध में उतरे व्यापारी, 74 फड़-ठेले वालों के कटे चालान

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी : जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की टीम ने सोमवार को बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया तो व्यापारी विरोध में उतर आए। इस पर टीम को बैरंग लौटना पड़ा। हालांकि तब तक 74 फड़-ठेले वालों के चालान काटे जा चुके थे।

उनसे 51200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय को शिकायत मिल रही थी कि बाजार में व्यापारियों ने अपनी दुकानों के आगे फड़-ठेले लगा दिए हैं। इससे सड़क संकरी हो गई है। लोग खरीदारी भी नहीं कर पा रहे हैं। इससे बाजार में लोगों का चलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय और सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह सोमवार को पुलिस और नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने सड़क पर माल बेच रहे छोटे व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  युवा व्यापारी नेता दिनेश लोहनी का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन: लालकुआं में शोक की लहर, परिजनों में मचा कोहराम


वहां छोटे व्यापारियों ने बताया कि उन्हें दुकान लगाने के लिए दुकान स्वामी ने ही किराए पर जगह दी है। निगम की टीम ने 74 छोटे फड़ वालों के चालान काटकर 51200 रुपये वसूल किए। इसी दौरान व्यापारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। वे बाजार में टीम के सामने ही धरने पर बैठ गए। इससे बाजार में अफरा-तफरी फैल गई। हंगामा बढ़ता देख टीम वहां से लौट गई। उधर, नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने कहा कि अतिक्रमण को लेकर अभियान जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार ! मिल्क पाउडर-रिफाइंड से तैयार हो रहा था ‘नकली मावा’, छापे में ढाई क्विंटल मिलावटी मिठाई बरामद

इस दौरान सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन, कर अधीक्षक महेश पाठक आदि कई अधिकारी मौजूद रहे।