हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीन लाख रुपए के अवैध शराब पकड़ी
हल्द्वानी: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 की तारीख का ऐलान होते ही प्रदेश में शराब तस्कर भी सक्रिय हो गए हैं. वहीं शराब तस्करों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद दिख रही है. नैनीताल जिले के हल्द्वानी में पुलिस ने घर में बना रखे गोदाम में छापेमारी करके 78 पेटी देसी ब्रांड की अवैध शराब जब्त की है, जिसकी करीब तीन लाख रुपए बताई जा रही है.

मामला मुखानी थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. मुखानी थाना प्रभारी दीपक सिंह बिष्ट ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली की पीपल पोखरा लामाचौड़ के एक मकान में किराए के गोदाम में भारी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई है.
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गोदाम में छापा मारा तो वहां से बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली. मौके से त्रिलोक सिंह बिष्ट नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि भवन स्वामी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत ₹10000 की चालान की कार्रवाई की गई है. पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई शराब की कीमत करीब तीन लाख रुपए है.
थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. शराब कहां से लाई गई थी और कहां सप्लाई की जानी थी, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है. पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

