पुरानी दिल्ली पर आतंकी नजर! लाल किला के इर्द-गिर्द अभेद्य सुरक्षा, लश्कर-ए-तैयबा की साजिश से हाई अलर्ट

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली एक बार फिर आतंकी खतरे की जद में है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट ने सुरक्षा तंत्र को झकझोर दिया है। सूचना है कि पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा लाल किला के सामने धमाके की साजिश रच रहा है। अलर्ट मिलते ही दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां एक्शन मोड में आ गई हैं।

धार्मिक स्थल और भीड़भाड़ वाले इलाके निशाने पर

सूत्रों के मुताबिक, पुरानी दिल्ली का संवेदनशील इलाका चांदनी चौक और वहां स्थित एक प्रमुख मंदिर संभावित टारगेट हो सकता है। लाल किला, जो देश की आन-बान-शान और हाई-सिक्योरिटी जोन है, उसके आसपास सुरक्षा घेरा कई गुना बढ़ा दिया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों ने आशंका जताई है कि आतंकी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के जरिए हमला करने की कोशिश कर सकते हैं। इनपुट्स को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशील धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  बोर्ड परीक्षा का रण शुरू, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा बोले—“हौसले से लिखो किस्मत की नई इबारत”

*सड़कों पर सख्ती, आसमान तक निगरानी*

दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी मॉनिटरिंग तेज कर दी है। संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और क्विक रिएक्शन टीमें रणनीतिक स्थानों पर स्टैंडबाय पर हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “इनपुट्स को वेरिफाई और असेस किया जा रहा है। फिलहाल एहतियात के तौर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।”

यह भी पढ़ें 👉  मां पूर्णागिरि दरबार पहुंचना होगा आसान: अगले साल से शुरू होगा रोपवे, 6 किमी की दूरी मात्र 7 मिनट में होगी तय

पुरानी घटना ने बढ़ाई चिंता

गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए आतंकी ब्लास्ट में 10 से ज्यादा लोगों की मौत और 25 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस घटना के तार भी आतंकी नेटवर्क से जुड़े पाए गए थे।
ऐसे में ताजा अलर्ट को हल्के में नहीं लिया जा रहा है। राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
राजधानी की धड़कन कहे जाने वाले ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा अब अभेद्य कवच में है — क्योंकि दिल्ली सजग है, सतर्क है और हर साजिश का मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है।