
राजू अनेजा,हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारों के नाम पर टी-20 क्रिकेट लीग का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपों में ईवीसीएल (EVCL) के आयोजक विकास ढाका को पुलिस ने दबोच लिया। गुरुवार सुबह वह शहर के एक प्रतिष्ठित होटल से चेक-आउट कर फरार होने की कोशिश में था, तभी पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
क्रिकेट लीग की टीम खरीदने के नाम पर सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल से पांच लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इसके अलावा हरियाणा निवासी यूपी वॉरियर्स टीम ओनर हेमंत शर्मा से भी 23 लाख रुपये की फ्रेंचाइजी के नाम पर ठगी का आरोप है।
दोनों पीड़ित गुरुवार को एसएसपी मंजुनाथ टीसी से मिले और आयोजक विकास ढाका के खिलाफ ठगी की तहरीर सौंपी।
गौरतलब है कि हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में करीब दस साल बाद टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन प्रस्तावित था। ईवीसीएल कंपनी ने शहर भर में होर्डिंग-बैनर लगाकर बड़े पैमाने पर प्रचार किया। स्टेडियम में काली मिट्टी से क्रिकेट पिच भी तैयार कराई गई।
पहले लीग जनवरी में होनी थी, जिसे बाद में स्थगित कर तीन फरवरी घोषित किया गया। टिकट बिक्री बेहद कम रहने के बाद आयोजक ने अपने कंपनी पार्टनर की मौत का हवाला देकर लीग स्थगित कर दी। इसके बाद स्टेडियम से ही अनाउंस किया गया कि पांच फरवरी को लीग होगी, फिर मीडिया के सवालों पर 15 दिन बाद आयोजन कराने का दावा किया गया।
इसी बीच गुरुवार सुबह आयोजक विकास ढाका होटल से चेक-आउट कर शहर छोड़ने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा।
एसएसपी कार्यालय पहुंचे पूर्व विधायक नारायण पाल ने बताया कि उन्होंने उत्तराखंड सोल्जर टीम पांच लाख रुपये में खरीदी थी। आयोजक ने दावा किया था कि टीम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान खेलेंगे।
वहीं यूपी वॉरियर्स टीम ओनर हेमंत शर्मा ने आरोप लगाया कि उनसे 23 लाख रुपये फ्रेंचाइजी के नाम पर लिए गए, लेकिन कोई लिखित एग्रीमेंट नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि क्रिकेट लीग के लिए भारत के पांच शहरों में खिलाड़ियों के ट्रायल कराए गए और बोली लगाकर खिलाड़ियों को हजारों रुपये में खरीदा गया।
जब दोनों को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने आयोजक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने बताया कि पूर्व विधायक नारायण पाल समेत अन्य पीड़ितों की तहरीर के आधार पर आयोजक विकास ढाका के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की जाएगी, और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
ताजा खबर
- रुद्रपुर पुलिस जांच: ‘शू विला’ के संचालक को लगी गोली, घटनास्थल से पिस्टल बरामद
- काशीपुर के SIMT में गूंजा जीवन मूल्यों का संदेश ,आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर ने विद्यार्थियों को बताया सफलता का असली अर्थ
- हरदोई: “प्रहलाद नगरी” के रूप में पुनर्जीवित हुई सांस्कृतिक पहचान; होली की भव्य शोभा यात्रा ने रचा नया इतिहास
- कमान मिलते ही एक्शन मोड पर एसएसपी ! ओवरलोड वाहनों पर कहर बनकर टूट पड़े अजय गणपति, खनन माफिया की टूटी कमर
- वन्यजीव तस्करी पर बड़ा प्रहार; गुलदार की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई
- संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ मिली वृद्धा की लाश; बंद घर और मोबाइल साइलेंट ने उलझाई गुत्थी
- जंगल गई महिला पर हाथी का जानलेवा हमला; अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम, वन विभाग ने दिया ₹3 लाख का मुआवजा
- रुद्रपुर-यूपी बॉर्डर पर बवाल: क्रिकेट के विवाद में खूनी संघर्ष; लाठी-डंडे चले और फिर युवक के घर पर हुई फायरिंग
- लालकुआं: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया नए कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन; संगठन की मजबूती का दिया मंत्र
- सर्राफा बाजार: सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल; सोना ₹1.56 लाख और चांदी ₹2.45 लाख के पार


