भाई की मौत के बाद मिले इंश्योरेंस के पैसों में हिस्सेदारी न मिलने पर कर दी भाभी और 2 भतीजों की हत्या, गिरफ्तार
गुमला: बसिया के लुंगटू पंडराटोली गांव में भाभी और दो भतीजे की निर्ममता से हत्या करने वाला आरोपी एनोस कंडुलना को बसिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी एनोस को पूछताछ के बाद रविवार को जेल भेज दिया।
एलआईसी से मिले रुपये के लिए कर दी हत्या

एसडीपीओ विकास आनन्द लागुरी ने बताया कि एनोस कंडुलना ने अपने बड़े भाई नुवेल कंडुलना की मौत होने के बाद एलआईसी और सहारा इंडिया से मिले 11 लाख रुपए के बंटवारे को लेकर बीते बुधवार को अपनी भाभी पूनम कंडुलना और भतीजे पवन कंडुलना, अर्पित कंडुलना की पटककर और हथौड़े से मारकर हत्या कर दी थी।
इंश्योरेंस में मिले पैसों हिस्सेदारी चाहता था आरोपी
मृतका पूनम कंडुलना अपने पति नुवेल कंडुलना की मौत के बाद अपने मझले देवर विश्राम कंडुलना के साथ रहती थी। इस कारण भी आरोपी एनोस को अपनी भाभी से गुस्सा रहता था।
उसे लगता था कि इंश्योरेंस से मिलने वाले रुपये में उसे हिस्सा नहीं मिल रहा है। उसने मृतका से कई बार पैसे की मांग भी की थी।
जांच के लिए एसआईटी का किया गया था गठन
एनोस कंडुलना के निशानदेही के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयोग किए गये कुदाल और हथौड़े को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस घटना का पर्दाफाश करने के लिए एक एसआईटी टीम का गठन किया था। एसआईटी टीम में थाना प्रभारी छोटू उरांव समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

