शहर के प्रमुख सौंदर्य स्थल गिरीताल को बाली ने लगाए विकास के पंख, झील में फिर दौड़ेगी नाव—अब शीघ्र पर्यटन हब बनेगा काशीपुर

खबर शेयर करें -


काशीपुर। शहर के प्रमुख सौंदर्य और ऐतिहासिक स्थल गिरीताल अब पूरी तरह नए और भव्य स्वरूप में नजर आने जा रहा है। नगर निगम काशीपुर के महापौर दीपक बाली की पहल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर सहयोग से गिरीताल के कायाकल्प की ऐतिहासिक योजना पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। वर्षों बाद गिरीताल की झील में फिर से नौकायन शुरू होगा, जिससे न केवल शहरवासियों को नया आकर्षण मिलेगा बल्कि काशीपुर को एक बड़े पर्यटन हब के रूप में पहचान भी मिलेगी।
गिरीताल के सौंदर्यीकरण के लिए अब 31 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से एक भव्य और आधुनिक परियोजना तैयार की गई है। पहले इस कार्य के लिए मात्र साढ़े चार करोड़ रुपये स्वीकृत थे, जो नाकाफी साबित हो रहे थे। महापौर दीपक बाली के विशेष अनुरोध पर मुख्यमंत्री धामी ने गिरीताल को आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप देने की खुली सहमति दी, जिसके बाद इस महत्वाकांक्षी परियोजना की डीपीआर तैयार की गई।

यह भी पढ़ें 👉  कोटद्वार विवाद: ओवैसी ने किया दीपक को 'सलाम', राहुल बोले- 'बब्बर शेर'; पुलिस ने कसे कानूनी पेंच

8 जोन में विकसित होगा गिरीताल

नई योजना के तहत गिरीताल को 8 अलग-अलग जोन में विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक पार्किंग व्यवस्था, आकर्षक वॉटर फाउंटेन, जॉगिंग ट्रैक, साइक्लिंग ट्रैक, थिएटर, झील और जंगल ट्रैक, सुंदर लाइब्रेरी, इको-टूरिज्म सुविधाएं, जिम और योग केंद्र, किड्स प्ले एरिया, रेस्टोरेंट, प्राइवेट विलाज और सखीहाट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। गिरीताल पहुंचने वाले लोगों को ऐसा अनुभव होगा मानो वे किसी बड़े पर्यटन स्थल या विदेश में घूम रहे हों।

पौराणिक पहचान रहेगी बरकरार

गिरीताल की विशेषता यह है कि यहां मौजूद पौराणिक महत्व और मंदिरों की आभा को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। आधुनिक विकास के साथ-साथ इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को जस का तस संजोया जाएगा, जिससे आस्था और पर्यटन—दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

नौकायन से लौटेगी रौनक

परियोजना का सबसे बड़ा आकर्षण झील में दोबारा शुरू होने वाला नौकायन होगा। वर्षों से बंद पड़ी नावें अब फिर से झील में दौड़ती नजर आएंगी। इससे बच्चों, युवाओं और पर्यटकों के लिए गिरीताल एक बड़ा आकर्षण केंद्र बनेगा और स्थानीय पर्यटन को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।
वेंडिंग जोन से मिलेगा रोजगार और सम्मान
महापौर दीपक बाली ने बताया कि गिरीताल और शहर के अन्य हिस्सों में पांच वेंडिंग जोन बनाए जा रहे हैं, जिन पर करीब 7 करोड़ 14 लाख रुपये खर्च होंगे। इन जोनों में लगभग 250 दुकानें होंगी। इसका उद्देश्य ठेले-फड़ वालों को उत्पीड़न से बचाना और उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना है। भविष्य में ऐसे पांच और वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे।
डॉग शेल्टर और सफाई में भी मिसाल
महापौर ने बताया कि काशीपुर में शहर से बाहर 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डॉग शेल्टर हाउस बनाया जा रहा है, जो देश के चुनिंदा बेहतरीन सेंटरों में शामिल होगा। उन्होंने यह भी बताया कि पांडिचेरी के बाद काशीपुर देश का दूसरा शहर है, जहां रात 3 बजे तक सफाई अभियान चलता है।

यह भी पढ़ें 👉  आधार अपडेट के बहाने दरिंदगी: युवती से छेड़खानी के दोषी डंपर चालक को दो साल का सश्रम कारावास

नेताओं और शहरवासियों ने सराहा विज़न

गिरीताल के प्रेजेंटेशन को देखकर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य लोगों ने जमकर प्रशंसा की। विधायक चीमा ने कहा, “अब साफ दिख रहा है कि काशीपुर तेजी से बदल रहा है।”
महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि काशीपुर के विकास के लिए उन्हें लगातार मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और सहयोग मिल रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि इस ऐतिहासिक विकास कार्य में सभी लोग अपना सहयोग दें।
साफ संदेश—गिरीताल बदलेगा, काशीपुर चमकेगा
गिरीताल के सौंदर्यीकरण और नौकायन की वापसी से न केवल काशीपुर की तस्वीर बदलेगी, बल्कि यह शहर तराई क्षेत्र के बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा।
विकास के पंख लग चुके हैं—अब गिरीताल के साथ काशीपुर भी उड़ान भरने को तैयार है।