2027 के चुनाव से पहले धामी सरकार का बड़ा कदम: उत्तराखंड में महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की तैयारी, स्वतंत्रता दिवस पर हो सकती है घोषणा
देहरादून। आगामी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रदेश सरकार ने सांगठनिक व रणनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में धामी सरकार राज्य की महिलाओं को एक बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है। प्रदेश में महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा सकती है। इस संबंध में उत्तराखंड रोडवेज प्रबंधन द्वारा शासन को एक औपचारिक प्रस्ताव भेजा जा चुका है, जिस पर मंथन अंतिम चरण में है।
स्वतंत्रता दिवस पर सीएम धामी कर सकते हैं बड़ा ऐलान; कर्मचारी संगठन ने भी की थी मांग
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर प्रदेश की मातृशक्ति को यह बड़ी सौगात दे सकते हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात कर सभी आयु वर्ग की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा लागू करने की मांग की थी। यदि शासन से इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलती है, तो चुनाव से ठीक पहले यह फैसला महिलाओं को लामबंद करने की दिशा में सरकार का बड़ा मास्टरस्ट्रोक साबित होगा।


