
राजू अनेजा,नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली की रात हुए तरुण हत्याकांड में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। युवक की हत्या के मुख्य आरोपी निजामुद्दीन के अवैध मकान पर नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार इस हत्याकांड में आठवें आरोपी के रूप में इमरान उर्फ बंटी (38) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक तरुण के परिवार के बयानों के आधार पर मामले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण कानून की सख्त धाराएं भी जोड़ दी गई हैं, जिससे आरोपियों पर शिकंजा और कस गया है।
तीन सगे भाई और बाप-बेटा भी शामिल
पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात में शामिल आरोपियों में कई आपस में रिश्तेदार हैं। गिरफ्तार आरोपियों में उमरदीन, जमाउद्दीन, मुस्ताक, कमरुद्दीन, मुजफ्फर, ताहिर और इमरान शामिल हैं, जबकि एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। इनमें उमरदीन, जमाउद्दीन और कमरुद्दीन तीनों सगे भाई हैं, जबकि मुजफ्फर और उमरदीन बाप-बेटे बताए जा रहे हैं। सभी आरोपी उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी हस्तसाल क्षेत्र के निवासी हैं।
गुब्बारे से शुरू हुआ विवाद, हत्या तक पहुंचा
पुलिस के अनुसार 4 मार्च की रात करीब 11 बजे पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को पता चला कि पानी से भरा गुब्बारा एक बच्ची ने फेंका था, जो दूसरे समुदाय की एक महिला को लग गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया।
इस मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तरुण को छोड़कर बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। तरुण की हालत गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद सख्त संदेश
तरुण की मौत के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू की और नगर निगम ने मुख्य आरोपी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


