रेल सुविधाओं को लेकर सड़क पर उतरे कांग्रेसी, काशीपुर स्टेशन पर प्रदर्शन कर सौंपा 11 सूत्रीय ज्ञापन

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर। रेल सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। रेलवे स्टेशन परिसर में जुटे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए रेल मंत्री को संबोधित 11 सूत्रीय ज्ञापन स्टेशन मास्टर को सौंपा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि काशीपुर रेलवे जंक्शन, कुमाऊं मंडल का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के बावजूद लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहा है। यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री देहरादून, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों के लिए यात्रा करते हैं, लेकिन सुविधाओं में सुधार के बजाय कटौती की जा रही है।
अलका पाल ने कहा कि रेल मंत्रालय की नीतियों के कारण काशीपुर और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रदेश महासचिव एवं एआईसीसी सदस्य अनुपम शर्मा ने कहा कि रेल मंत्रालय काशीपुर के साथ दोहरा व्यवहार कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश के सभी सांसद सत्ताधारी दल से होने के बावजूद काशीपुर की अनदेखी क्यों की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता एडवोकेट हरीश कुमार सिंह, एडवोकेट संदीप सहगल, एडवोकेट उमेश जोशी, विमल गुड़िया, इंदू मान, एडवोकेट मनोज जोशी, सुभाष पाल, ब्रह्मा पाल, संजय चतुर्वेदी और एडवोकेट इंदर सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं ने भी काशीपुर के साथ हो रही उपेक्षा पर नाराजगी जताई।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से काशीपुर-रामनगर से देहरादून, हरिद्वार, लखनऊ, इलाहाबाद, कोलकाता और पंजाब के लिए नई ट्रेनों का संचालन, मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त साधारण कोच लगाने, काशीपुर-मुरादाबाद के बीच अतिरिक्त ट्रेन चलाने और काशीपुर-चंडीगढ़ वंदे भारत सेवा शुरू करने की मांग की।
इसके अलावा काशीपुर-जसपुर-धामपुर रेल लाइन को शीघ्र शुरू करने, हेमपुर डिपो में ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन पर मेटल डिटेक्टर लगाने, बुजुर्ग व दिव्यांग यात्रियों के लिए एस्केलेटर की व्यवस्था तथा बंद पड़ी ट्रेनों को पुनः शुरू करने की मांग भी उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द रेल सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: सड़क चौड़ीकरण पर प्रशासन सख्त; 227 अतिक्रमणकारियों को 15 दिन का अल्टीमेटम, खुद नहीं हटाया तो चलेगा बुलडोजर