
राजू अनेजा, काशीपुर।बेटी की शादी हर पिता का सपना होती है—बरात आए, मेहमानों का स्वागत हो, और आंगन में खुशियों की रौनक बिखरे। लेकिन इस बार हालात कुछ ऐसे हैं कि बेटी का बाप हाथ में शादी का कार्ड लिए गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
15 अप्रैल से सहालग शुरू हो रहे हैं, लेकिन उससे पहले ही गैस सिलेंडर की किल्लत ने शादी वाले घरों की नींद उड़ा दी है। काशीपुर और आसपास के इलाकों में लोग गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। हालात यह हैं कि कई पिता शादी का कार्ड दिखाकर अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं—“साहब, सिलेंडर दिलवा दो, नहीं तो बेटी की शादी कैसे होगी?”
खुशियों पर संकट का साया
शादी समारोह में बड़े स्तर पर भोजन बनाने के लिए कॉमर्शियल सिलेंडर जरूरी होता है।
जिनकी शादी होटल या रिजॉर्ट में है, उन्हें कुछ राहत
लेकिन मोहल्लों और बरातघरों में शादी करने वालों के लिए संकट सबसे ज्यादा
कई परिवार अब मजबूरी में कोयला भट्ठियों और लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेने की तैयारी कर रहे हैं, जिससे खर्च और मेहनत दोनों बढ़ रहे हैं।
दफ्तर-दर-दफ्तर गुहार
सिलेंडर के लिए लोग सिर्फ एजेंसियों तक ही सीमित नहीं हैं।एसडीएम कार्यालय,तहसील कार्यालय,गैस एजेंसियां हर जगह एक ही गुहार—“शादी है साहब, कुछ मदद कर दीजिए।”
लेकिन फिलहाल कहीं से भी कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल रहा, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ती जा रही है।
कारोबार भी संकट में
सिलेंडर की कमी का असर सिर्फ शादी वाले घरों पर नहीं, बल्कि होटल,ढाबा,छोटे फूड कारोबारियों,पर भी पड़ा है। सिलेंडर न मिलने से उन्हें काम सीमित करना पड़ रहा है और रोजाना आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
घरों में भी बढ़ी परेशानी
आम उपभोक्ता भी इस संकट से अछूते नहीं—
पहले 1–2 दिन में मिलने वाला सिलेंडर अब 4–5 दिन में कई घरों में रसोई की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
प्रशासन का भरोसा
अधिकारियों का कहना है कि कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई 40% तक खोली गई है और सहालग तक हालात सामान्य होने की उम्मीद है।
लेकिन सवाल बरकरार
दावों के बीच जमीनी सच्चाई यह है कि
बेटी की शादी सिर पर है और पिता अब भी सिलेंडर के इंतजाम में भटक रहा है।
बेटी की विदाई का सपना आंखों में है,
लेकिन चूल्हे की आग अनिश्चित है…
अगर हालात नहीं सुधरे, तो इस सहालग में
खुशियों से ज्यादा एक बाप की बेबसी नजर आएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


