सोमेश्वर के अयारपानी के पास ट्रक और बाइक की भिड़ंत में बाइक चालक की मौके पर मौत, बाइक दो हिस्सो में बंटी
अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग में अयारपानी के पास एक ट्रक और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भीड़त हो गई। इसमें बाइक चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक की पिछली सीट पर बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल युवती को 108 के माध्यम से जिला अस्पताल अल्मोड़ा अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देख युवती को बेस अस्पताल को रेफर कर दिया। फिलहाल युवती की हालत नाजुक बनी हुई है। इधर, घटना के बाद ट्रक चालक और परिचालक दोनों मौके से फरार हैं।

दोपहर बाद दो बजे करीब अल्मोड़ा से ताकुला की ओर जा रही बाइक यूके 01 डी 1557 की भिड़ंत ताकुला की ओर से आ रहे ट्रक यूके 04 सीए 3604 से हो गई। इसमें ग्राम सल्ला अल्मोड़ा निवासी निखिल बजेठा (21) पुत्र मोहन सिंह बजेठा की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक के पीछे बैठी अल्मोड़ा निवासी नीमा (21) पुत्री मदन सिंह बुरी तरह घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर काफी देर बाद 108 एंबुलेंस पहुंची। घायल युवती को अल्मोड़ा जिला अस्पताल लाया गया। इसके बाद उसे बेस रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टर उसके उपचार में जुटे है। वहीं स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टर हायर सेंटर रेफर करने की बात कर रहे है। ताकुला चौकी के पुलिस कर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया है। बताया गया है कि ट्रक चालक और परिचालक घटना स्थल से कुछ आगे ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है युवक एक होटल में काम करता था, जबकि युवती एक मेडिकल स्टोर में काम करती है। दोनों कहां जा रहे थे यह पता नहीं लग पा रहा है।

