दिनेशपुर में साइबर ठगों को पकड़ने पहुंची हरियाणा पुलिस पर हमला! ASI को कार से कुचलने की कोशिश, 5 KM तक बोनट पर लटकाकर दौड़ाई कार

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,दिनेशपुर। उत्तराखंड का दिनेशपुर इलाका अब साइबर अपराधियों का नया गढ़ बनता जा रहा है। हालात इतने बेकाबू हो चुके हैं कि अब अपराधियों को पुलिस का भी खौफ नहीं रह गया। ताजा मामला ऐसा है जिसने पुलिस महकमे तक को हिला दिया। साइबर ठगी के आरोपित को पकड़ने पहुंची हरियाणा पुलिस की टीम पर हमला कर दिया गया और एक एएसआई को कार के बोनट पर लटकाकर करीब पांच किलोमीटर तक घसीटा गया।
शुक्रवार रात हरियाणा के हांसी थाने के एएसआई प्रेम कुमार अपनी टीम के साथ दिनेशपुर पहुंचे थे। यहां आमद दर्ज कराने के बाद टीम साइबर अपराध में वांछित उदयनगर निवासी भारत सिंह को पकड़ने उसके गांव पहुंची। पुलिस ने जैसे ही आरोपित को हिरासत में लेने की कोशिश की, वहां मौजूद युवक और उसके साथी बेकाबू हो गए।
बताया जा रहा है कि आरोपित पुलिस टीम से भिड़ गए और अचानक कार में बैठकर फरार होने लगे। इसी दौरान एएसआई प्रेम कुमार उन्हें रोकने के प्रयास में कार के सामने आ गए, लेकिन आरोपितों ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। जान बचाने के लिए एएसआई बोनट पर चढ़ गए, मगर बदमाश उन्हें लेकर भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में दिनेशपुर से बसंतपुर की ओर दौड़ी और करीब पांच किलोमीटर तक एएसआई बोनट से चिपके रहे। आखिरकार आरोपित उन्हें नीचे फेंककर फरार हो गए। इस दौरान एएसआई घायल भी हो गए।
दिनेशपुर थाना प्रभारी रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि हरियाणा पुलिस की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जिस रास्ते से बदमाश भागे, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

म्यूल खातों से फैल रहा साइबर ठगी का जाल

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि साइबर अपराधी अब “म्यूल अकाउंट” का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहे हैं। इन खातों के जरिए ठगी की रकम को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर किया जाता है ताकि पुलिस तक असली मास्टरमाइंड न पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में जिले में म्यूल खातों से जुड़े पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जबकि 800 से ज्यादा संदिग्ध खातों की जांच चल रही है। पुलिस अब ऐसे नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।

पांच गांव बने साइबर गैंग का अड्डा, तीन महीने में 12 युवक गिरफ्तार

दिनेशपुर थाना क्षेत्र के कई गांव अब देशभर की पुलिस एजेंसियों के निशाने पर हैं। पिछले तीन महीनों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और कोलकाता पुलिस यहां लगातार दबिश दे चुकी है। अब तक 12 से ज्यादा युवकों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
धर्मनगर, मोहनपुर, सुंदरपुर, विजयनगर और उदयनगर जैसे गांवों का नाम साइबर ठगी के मामलों में सामने आ रहा है। आरोप है कि यहां के कई युवक म्यूल खाते उपलब्ध कराकर ठगी के करोड़ों रुपये इधर से उधर पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।
कुछ दिन पहले पंजाब पुलिस ने धर्मनगर गांव से एक युवक को हिरासत में लिया था, जिस पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी का आरोप था। वहीं दिल्ली पुलिस भी मोहनपुर, सुंदरपुर और विजयनगर में छापेमारी कर पांच युवकों को पकड़ चुकी है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी: ओलावृष्टि और अंधड़ का 'ऑरेंज अलर्ट', ऊंचे शिखरों पर बर्फबारी के आसार

 

सवाल बड़ा है…

 

जब दूसरे राज्यों की पुलिस को उत्तराखंड आकर अपनी जान जोखिम में डालनी पड़े, तो यह सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा खतरे का संकेत है। दिनेशपुर में तेजी से फैलता साइबर नेटवर्क अब पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: पिकअप बैक करते समय टायर के नीचे आई दो साल की मासूम, दर्दनाक मौत से परिवार में कोहराम