दीपावली के पटाखों ने खोली काशीपुर की आबोहवा की पोल, देहरादून के बाद सबसे प्रदूषित साबित हुआ अपना शहर!

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर तीसरे नंबर पर, हल्द्वानी और नैनीताल की हवा भी हुई खराब; आतिशबाजी के बाद प्रदेश के कई शहरों में बढ़ा वायु प्रदूषण, काशीपुर का एक्यूआई 359 तक पहुंचा

राजू अनेजा,काशीपुर। दीपावली पर रोशनी और खुशियों के बीच हुई आतिशबाजी ने उत्तराखंड के शहरों की आबोहवा में जहर घोल दिया। पटाखों का धुआं छंटने के बाद सामने आए आंकड़ों ने चौंका दिया। वायु प्रदूषण के मामले में देहरादून के बाद काशीपुर प्रदेश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बनकर सामने आया, जबकि औद्योगिक नगरी रुद्रपुर तीसरे स्थान पर रही। हल्द्वानी और नैनीताल जैसे शहरों की हवा भी आतिशबाजी के असर से खराब हो गई।

सबसे चिंताजनक स्थिति काशीपुर की रही, जहां दीपावली के दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 359 तक पहुंच गया। यह बेहद खराब श्रेणी में आता है। यानी त्योहार की खुशियों के बीच शहरवासियों को प्रदूषित हवा में सांस लेने की चुनौती का सामना करना पड़ा।

एक रात में बिगड़ गई शहर की हवा

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर: 46वीं वाहिनी PAC में ट्रेनी रिक्रूट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; स्टील मग के टुकड़े से गला कटने की आशंका, परिजनों ने उठाए सवाल

प्रदूषण के आंकड़ों पर नजर डालें तो काशीपुर में एक नवंबर को एक्यूआई 85 दर्ज किया गया था। पांच नवंबर को यह बढ़कर 134 पहुंचा और दीपावली के दिन 359 तक जा पहुंचा। आंकड़ों में आया यह बड़ा उछाल आतिशबाजी के बाद हवा की गुणवत्ता में आई गिरावट को साफ दर्शाता है।

वहीं रुद्रपुर में पांच नवंबर को एक्यूआई 134 था, जो दीपावली की रात बढ़कर 232 दर्ज किया गया। हल्द्वानी में एक नवंबर को एक्यूआई 101 था, जो दीपावली की रात 189 पहुंच गया। नैनीताल में भी पांच नवंबर को 58 से बढ़कर आठ नवंबर की रात 117 दर्ज किया गया।

देहरादून भी प्रदूषण की चपेट में

राजधानी देहरादून के घंटाघर क्षेत्र में रविवार रात एक्यूआई 272 दर्ज किया गया। एक नवंबर को यह 112 और सात नवंबर को 157 था। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि दीपावली के आसपास प्रदेश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई। हालांकि काशीपुर का 359 का आंकड़ा विशेष रूप से चिंता बढ़ाने वाला है।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: दीपावली के पटाखों की चिंगारी से चुना भट्टा क्षेत्र में आरा मशीन में लगी भीषण आग; दमकल विभाग ने पाया काबू

सिर्फ आंकड़े नहीं, सेहत के लिए भी खतरे की घंटी

विशेषज्ञों के अनुसार पटाखों से निकलने वाला धुआं और सूक्ष्म कण वातावरण में प्रदूषण बढ़ाते हैं। इसका असर खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है। प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ा सकते हैं।

कई शहरों में निगरानी व्यवस्था का भी सवाल

रिपोर्ट में एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी सामने आया कि पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से एक्यूआई मापने की निगरानी व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण दीपावली की रात वहां प्रदूषण का वास्तविक स्तर सामने नहीं आ सका। वहीं हल्द्वानी और नैनीताल में ध्वनि का स्तर भी निर्धारित मानकों से अधिक दर्ज किया गया।

काशीपुर के क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी एसपी सिंह के अनुसार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नियमित रूप से वायु गुणवत्ता की जांच करता है और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक बचाव के उपाय किए जाते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  क्या किसी बड़ी साजिश का शिकार हो रहे हैं महापौर दीपक बाली? स्वच्छता की नंबर वन दौड़ से काशीपुर को पीछे धकेलने की कोशिशों के पीछे आखिर कौन?

अब सालभर निगरानी और ठोस उपायों की जरूरत

दीपावली के बाद सामने आए ये आंकड़े केवल एक त्योहार के दौरान बढ़े प्रदूषण की कहानी नहीं कहते, बल्कि शहरों की आबोहवा को स्वच्छ रखने के लिए सालभर प्रभावी निगरानी और ठोस पर्यावरणीय उपायों की जरूरत भी रेखांकित करते हैं। काशीपुर का प्रदेश में दूसरे सबसे प्रदूषित शहर के रूप में सामने आना निश्चित रूप से चिंता का विषय है। अब जरूरत है कि प्रदूषण के कारणों पर गंभीरता से काम हो, ताकि त्योहारों की खुशियां लोगों की सेहत पर भारी न पड़ें।