देहरादून। प्रदेश में खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि राजधानी देहरादून में खनन माफियाओं ने एस एच ओ के ड्राइवर को ट्रैक्टर चढ़ा कर मारने का प्रयास किया, एसएचओ के ड्राइवर की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने अवैध खनन की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक को रोक उसे थाने चलने के लिए कहा था। घायल सिपाही ड्राइवर के सिर और पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है जिसका इलाज सिनर्जी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना कैंट थाना क्षेत्र के जैंतनवाला की है। कैंट एसएचओ विनय कुमार का ड्राइवर सिपाही मनोज कुमार रोज की तरह रविवार सुबह सैर पर निकला था।
इस बीच उन्हें फोन आया कि जैंतनवाला के पास नदी से अवैध खनन से भरा ट्रैक्टर निकल रहा है। पुलिस के अनुसार सिपाही मनोज वहां पहुंचा और ट्रैक्टर को रोक लिया। सिपाही मनोज ने ट्रैक्टर चालक को थाने चलने के लिए कहा तो वह ट्रैक्टर आगे बढ़ाने लगा।इस पर सिपाही ने चीता पुलिस को फोन कर वहां बुलाया। कुछ देर बाद जब चीता सिपाही मौके पर पहुंचे तो देखा कि मनोज घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ था। आनन-फानन में चीता पुलिस ने घायल सिपाही को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इधर पुलिस ने घायल सिपाही के बयान के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

