चंपावत में बेटी की विदाई के दिन पिता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

खबर शेयर करें -

लोहाघाट: नगर से लगे सुंई पऊ गांव में बेटी की विदाई के दिन पिता का निधन हो गया। विवाह की पहली शाम तबीयत बिगड़ने की वजह से पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर ताऊ ने कन्यादान कर बरात को विदा किया। बरात का विधिवत आदर सत्कार किया गया। इस घटना से गांव में हर कोई दुखी है।

ग्राम सभा सुंई पऊ के सिमला तोक निवासी 53 वर्षीय दीपक चंद्र जोशी पुत्र स्व. भवानी दत्त की बेटी का 28 अप्रैल को विवाह हुआ। देवीधुरा से आई बरात का घरातियों ने खूब सत्कार किया। बरात से एक दिन पहले शनिवार को देर रात तक गांव में डीजे पाटी हुई। सभी डीजे पर थिरक रहे थे। तभी दुल्हन के पिता दीपक की तबीयत बिगड़ गई। रिश्तेदारों व कुछ गांव के युवाओं ने आधी रात में उन्हें लोहाघाट उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर चंपावत जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताते हैं कि रास्ते में ही दीपक ने दम तोड़ दिया। विवाह समारोह में खलल न पड़े, इसलिए इसकी जानकारी किसी को नहीं दी गई। रविवार दोपहर घर में बरात पहुंची। ताऊ प्रकाश जोशी ने कन्यादान कर रविवार शाम दुल्हन को ससुराल विदा किया। जिसके बाद दीपक का शव घर लाया गया। घटना से स्वजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव के लिए अत्यंत दुख भरा पल रहा। सोमवार को रामेश्वर घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।