लालकुआं से हल्द्वानी के बीच बनाई जा रही फोरलेन सड़क का गुस्साए ग्रामीणों ने रोका निर्माण, बेमियादी धरना शुरू

लालकुआं : लालकुआं से हल्द्वानी के बीच बनाई जा रही फोरलेन सड़क को मोतीनगर के पास सीधा करने एवं सड़क किनारे सर्विस लाइन बनाने की मांग को लेकर मोतीनगर रेलवे क्रॉसिंग के समीप ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और बेमियादी धरना शुरू कर दिया है।
शनिवार को रामपुर से काठगोदाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग 109 का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था द्वारा मोतीनगर रेलवे क्रॉसिंग के समीप सड़क को टेढ़ा-मेढ़ा किया जा रहा है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार सुबह निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने मौके पर ही प्रदर्शन करते हुए बेमियादी धरना शुरू कर दिया है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान मौजूद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण उक्त क्षेत्र में सीधी रोड बनाने के स्थान पर टेढ़ी-मेढ़ी सड़क बनाकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर रहा है, साथ ही सड़क से सटाकर सर्विस लेन भी नहीं बनाई जा रही है। इससे गांव के लोगों को सड़क पर आने जाने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि यदि अविलंब संबंधित विभाग एवं प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन शुरू कर देंगे। देर शाम तक धरना प्रदर्शन जारी था। इस दौरान मुख्य रूप से पूर्व प्रधान हरीश भटट, भजन सिंह मेहरा, हरीश भट्ट, चंद्रशेखर पंत, विपिन जोशी, सचिन कुमार, बलवंत मेहरा, भास्कर, तारा दत्त नागिला, शेखर नागिला, मोहन, भानु, नंद किशोर लोशाली, त्रिलोक, धन सिंह, भोपाल सिंह पपोला समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

