हल्दूचौड़ दीना क्षेत्र पंचायत सदस्य रिंकू पाठक देंगे इस्तीफा, जाने क्या है कारण

हल्द्वानी: विकास खण्ड हल्द्वानी के कर्मचारियों व अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हल्दूचौड़ दीना क्षेत्र पंचायत सदस्य रिंकू पाठक ने इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने इस बात की चेतावनी अपने फेसबुक वॉल पर पोस्ट की है।
हल्दूचौड़ दीना क्षेत्र पंचायत सदस्य रिंकू पाठक ने अपनी फेसबुक वॉल पर पोस्ट डालते हुए कहा है कि विकासखंड हल्द्वानी के कुछ अधिकारियों व कर्मचारीगण द्वारा लगातार किये जा रहे उपहास व मानसिक उत्पीड़न एवं सरकार के क्षेत्र पंचायतों के साथ किये जा रहे उपहास से क्षुब्ध होकर मैं त्रिलोचन पाठक ( रिंकू ) सदस्य क्षेत्र पंचायत हल्दूचौड़ दीना दिनांक 25-06-2021 दिन शुक्रवार को प्रातः 11 बजे ब्लॉक कार्यालय में अपना इस्तीफा दूंगा। जिसके लिए सरकारी तंत्र व विकास खण्ड हल्द्वानी के अधिकारी व कर्मचारी जिम्मेदार रहेंगे । चूंकि मेरा उद्देश्य समाज सेवा से राजनीति में आना अपने क्षेत्र वासियों को सरकारी योजनाओं का फायदा दिलवाना व उनकी समस्याओं का निस्तारण करवाना था परंतु क्षेत्र वासियों की अपेक्षा अनुरूप विकास खण्ड में सरकार के बेलगाम अधिकारीगण व कर्मचारीगण के द्वारा उत्पीड़न की वजह से मैं कार्य करने में असमर्थ हो रहा हूँ। जिससे लगातार मैं मानसिक अवसाद का शिकार हो रहा हूँ । अतः मैं अपने पद से इस्तीफा देने जा रहा हूँ । मैं अपने समस्त सहयोगी व क्षेत्रवासियों से अश्रु मन से माफी चाहता हूँ और साथ ही विस्वास दिलाता हूँ कि वह अपने स्तर से समाज सेवा करते रहेंगे।
रिंकू पाठक द्वारा डाली गई इस पोस्ट से जहां विकास खंड हल्द्वानी के अधिकारियों कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र की राजनीति में हलचल मची हुई है।

