हल्द्वानी : STH के बाहर ठेले पलटने के मामले में एसएसपी नैनीताल ने आरोपी हेड कांस्टेबल पर की कार्रवाई, जानें पूरा मामला
हल्द्वानी। डॉ सुशीला तिवारी अस्पताल के पास नहर में 3 ठेले फेंक देने का मामला तूल पकड़ने लगा था। ठेला, फड़ व वेंडर्स कल्याण समिति ने कोतवाल हरेंद्र चौधरी से मिलकर हेड कांस्टेबल पर कार्रवाई की मांग की। दो घंटे बाद ही एसएसपी पंकज भट्ट ने हेड कांस्टेबल गणेश जोशी को लाइन हाजिर कर दिया।

विदित रहे कि आईजी डा. नीलेश आनंद भरणे की ओर से गठित एंटी न्यूसेंस स्क्यवाड व पुलिस ने डा. सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर लगे फड़ व ठेली हटा दिए थे। 27 जून को इस स्थान पर कुछ लोगों ने ठेले लगा दिए थे। रात को चेकिंग के लिए पहुंचे मेडिकल पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल गणेश जोशी ने दो-तीन ठेले नहर में फेंक दिए थे।
बता दें कि चार दिन पूर्व सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर ठेला पलटने के मामले ने तूल पकड़ लिया था। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग एसएसपी से शिकायत करने पहुंच गए, लेकिन जब एससएपी नहीं मिले तो लोगों ने कोतवाली में नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों ने ठेला पलटाने वाले सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए। कोतवाल ने बमुश्किल लोगों को शांत कराया। लोगों ने आरोपी सिपाही के खिलाफ कोतवाल को शिकायत दी।
ठेला, फड़, वेंडर्स कल्याण समिति के पदाधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंचे लोगों का कहना था कि मंगलवार रात मेडिकल चौकी में तैनात एक सिपाही ने नशे की हालत में सामान भरे ठेले और फड़ नहर में फेंक दिए। विरोध करने पर सिपाही ने महिलाओं के साथ अभद्रता की।
आरोप लगाया था कि अतिक्रमण के नाम पर पुलिस आए दिन फड़ और ठेले वालों का उत्पीड़न कर रही है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने लोगों को भरोसा दिया है कि वह सिपाही से पूछताछ करेंगे और अगर आरोप सही हुए तो कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

