दिनेशपुर में रास्ता रोकने को लेकर हुए विवाद में दो दोस्तों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला; एक के गले में लगे 24 तो दूसरे को आए 18 टांके, तीन नामजद आरोपितों पर मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रास्ता रोकने और कहासुनी के विवाद में बाइक सवार दो युवकों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने घर लौट रहे दो दोस्तों का रास्ता रोका और विवाद बढ़ने पर उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में दोनों युवक लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाली-गलौज के बाद किया ताबड़तोड़ हमला, एक के गले और दूसरे के पेट में आई गंभीर चोटें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गा कॉलोनी वार्ड नंबर तीन निवासी 21 वर्षीय अभिषेक बाछाड़ अपने दोस्त शुभम मंडल के साथ रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लाटनेशन के पास कथित तौर पर अभिजीत सिंह देउपा उर्फ अंशु, कमल सिंह राणा और अनुज राय ने दोनों युवकों का रास्ता रोक लिया। रास्ता रोकने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और उग्र विवाद में बदल गई।
शिकायतकर्ता विशाखा बाछाड़ के मुताबिक, जब उनके बेटे अभिषेक और उसके दोस्त शुभम ने आरोपितों से रास्ता रोकने का कारण पूछा, तो आरोपितों ने अचानक धारदार हथियारों से दोनों पर हमला बोल दिया। हमले में अभिषेक के गले पर गहरा घाव हो गया, जबकि शुभम मंडल के पेट और गले पर गंभीर चोटें आईं। दोनों युवकों को लहूलुहान हालत में तड़पता देख मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान अभिषेक बाछाड़ के गले में 24 टांके लगाए, जबकि शुभम मंडल के पेट और गले के घावों पर 18 टांके लगाने पड़े।
एसएसपी को सौंपा शिकायती पत्र, पुलिस ने शुरू की गहन विवेचना
घटना के बाद घायल शुभम ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को वारदात की सूचना दी। मामले को लेकर घायल अभिषेक की मां विशाखा बाछाड़ ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ऊधमसिंह नगर को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
“शिकायत के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। विवेचना में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”— अंकित थपलियाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी (पंतनगर)
रुद्रपुर में फिल्मी अंदाज में पश्चिम बंगाल पुलिस की दबिश, साइबर ठगी का आरोपित गिरफ्तार
दूसरी ओर, रुद्रपुर शहर में साइबर अपराध के एक मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही। गाबा चौक फ्लाईओवर के नीचे काजल मार्बल के पास शाम करीब पांच बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरियाणा (HR) नंबर की कार से सादे कपड़ों में पहुंची टीम ने फिल्मी अंदाज में एक युवक को दबोच लिया और अपने साथ ले गई।
बाद में स्पष्ट हुआ कि यह टीम पश्चिम बंगाल पुलिस की थी, जो साइबर फ्रॉड के एक मुकदमे में वांछित शिमला पिस्तौर निवासी रजनीश की तलाश में रुद्रपुर पहुंची थी। पुलिस टीम आरोपित रजनीश को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है, वहीं इस पूरी कार्रवाई का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

