काशीपुर में जिन्नात’ के नाम पर चल रहे करोड़ों रुपए की ठगी के खेल को आईटीआई पुलिस ने किया खत्म,तीन शातिर गिरफ्तार

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा , काशीपुर। अंधविश्वास की आड़ में भोले-भाले ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। ‘जिन्न/जिन्नात’ के नाम पर रुपये डबल करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले संगठित नेटवर्क को कोतवाली आईटीआई पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर ली है।यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशन में अंजाम दी गई।

ऐसे बिछाया जाता था मायाजाल

16 फरवरी 2026 को बांसखेड़ा निवासी शकील अहमद ने कोतवाली आईटीआई में शिकायत दी कि गांव के सरताज अली उर्फ कादरी बाबा, शफीक और आरिफ लोगों को यह कहकर अपने प्रभाव में ले रहे हैं कि बाबा पर “जिन्नात” आता है और वह पैसे डबल कर देता है।
करीब एक साल पहले एक धार्मिक जलसे में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे सरताज अली ने पहले प्रवचन से लोगों का विश्वास जीता, फिर शुरू हुआ “स्कीमों” का खेल।

यह भी पढ़ें 👉  पूर्व विधायक पर डंपर चढ़ाने की कोशिश, शैलेंद्र मोहन सिंघल ने जानलेवा हमले का लगाया आरोप

लालच भरी कथित योजनाएं:
₹15,500 प्रतिमाह जमा करो, 40 दिन बाद ₹20,000 प्रतिमाह पाओ
कामगारों के लिए ₹25,500 योजना
विधवाओं के लिए ₹6,500 योजना
बच्चियों के नाम पर ₹12,500 योजना
घर-घर प्रचार कर अशिक्षित ग्रामीणों को यकीन दिलाया गया कि बाबा से जुड़े लोगों पर जिन्नात की मेहरबानी है—प्लॉट, मकान और महंगी गाड़ियां इसी चमत्कार का नतीजा हैं।

डेढ़ करोड़ से ज्यादा की ठगी, ऐशो-आराम की जिंदगी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटा ली।ठगी की रकम से—शफीक ने ₹20 लाख का नया मकान और बलेनो कार खरीदी।
आरिफ ने करीब ₹10 लाख का प्लॉट लिया।
सरताज अली उर्फ कादरी बाबा ने ग्राम धीमरखेड़ा में प्लॉट लेकर मकान बनाया और बोलेरो खरीदी।अन्य साथियों ने स्कॉर्पियो और हाई-राइडर जैसे वाहन खरीदे।
जब पीड़ितों ने पैसा मांगा तो उन्हें धमकाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया नए कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन; संगठन की मजबूती का दिया मंत्र

मुकदमा दर्ज, फरारी और रामपुर से गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता देखते हुए थाना आईटीआई में FIR संख्या 42/2026 धारा 318(4), 351(2), 352, 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी उत्तर प्रदेश भाग निकले, लेकिन पुलिस टीमों ने पीछा कर 17 फरवरी 2026 को जिला रामपुर से तीनों को धर दबोचा। 18 फरवरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पूछताछ में कबूला जुर्म

गहन पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि सुनियोजित षड्यंत्र के तहत ‘जिन्नात’ का डर और लालच फैलाकर लोगों की जीवनभर की कमाई हड़पी गई। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त
सरताज अली पुत्र अख्तर अली
शफीक पुत्र रफीक
आरिफ पुत्र मोहम्मद यूसुफ

यह भी पढ़ें 👉  मोटाहल्दू किसान सेवा सहकारी समिति का 46वां वार्षिक अधिवेशन संपन्न, 23 लाख का बजट पारित

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी अजय गणपति ने दो टूक कहा—
“अंधविश्वास और लालच के नाम पर जनता को ठगने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।”

पुलिस की अपील

ऊधमसिंहनगर पुलिस ने जनता से अपील की है कि रुपये डबल करने, तंत्र-मंत्र या जिन्नात जैसी किसी भी योजना के झांसे में न आएं। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad