CCTV से लेकर अलार्म सिस्टम तक की जांच; व्यापारियों को सतर्क रहने के सख्त निर्देश
राजू अनेजा, काशीपुर।आगामी त्योहारों के मद्देनजर काशीपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बाजारों में बढ़ती चहल-पहल और ज्वैलरी की दुकानों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक काशीपुर के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी काशीपुर और कोतवाली पुलिस की टीम ने शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
ज्वैलर्स की दुकानों पर पहुंचकर परखी सुरक्षा व्यवस्था
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने ज्वैलर्स की दुकानों का निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों व अलार्म सिस्टम की जांच की। पुलिस ने व्यापारियों को सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। दुकानों में सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने पर जोर दिया गया।
संदिग्धों पर नजर रखें व्यापारी, लापरवाही न बरतें
पुलिस ने व्यापारियों को सतर्क रहने की हिदायत देते हुए कहा कि बाजार में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की अनदेखी न करें। किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस की इस कवायद का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सतर्कता बढ़ाना है।
त्योहारों पर सुरक्षा से समझौता नहीं, पुलिस का स्पष्ट संदेश
काशीपुर पुलिस ने साफ किया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। आमजन और व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अब सवाल सिर्फ सुरक्षा इंतजामों का नहीं, बल्कि सतर्कता और सजगता का भी है। त्योहारों की रौनक के बीच व्यापारी अपनी दुकानों की सुरक्षा मजबूत रखें और आमजन भी किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने में देर न करें। पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही बाजारों को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


