काशीपुर पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, प्यार में अंधे युवक ने अपने जीजा के साथ मिलकर प्रेमिका के पति की ली थी जान

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,काशीपुर। काशीपुर के ढेलापुल के पास हुई सचिन की संदिग्ध मौत का रहस्य आखिरकार खुलकर सामने आ गया है। पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने रिश्तों और अवैध संबंधों के काले चेहरे को उजागर कर दिया। दरअसल, मृतक की पत्नी से प्रेम संबंध रखने वाले युवक ने अपने कुख्यात जीजा के साथ मिलकर सचिन की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस ने बुधवार को इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपितों को तमंचा और स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।

सड़क हादसा नहीं, निकली ब्लाइंड मर्डर की वारदात

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 4 सितंबर की रात थाना कुंडा पुलिस को सूचना मिली थी कि ढेलापुल के पास एक युवक सड़क हादसे में घायल हो गया है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सचिन कुमार चौहान (पुत्र अतर सिंह, निवासी ग्राम आजमपुर, थाना नूरपुर, जिला बिजनौर) के रूप में हुई।

यह भी पढ़ें 👉  पंतनगर: राज्यपाल ने किया राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, कहा– 'राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन हैं खेल'

प्रारंभिक जांच में मामला सड़क हादसा प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल की बारीकी से जांच और साक्ष्यों ने पुलिस को शक में डाल दिया। संदेह तब और गहरा गया जब 5 सितंबर को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर से छर्रे बरामद हुए। इससे साफ हो गया कि सचिन की मौत सड़क दुर्घटना में नहीं, बल्कि गोली मारकर की गई हत्या से हुई है।

तीन टीमों ने 450 सीसीटीवी खंगाले

इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए एसएसपी ने तीन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास के मार्गों तक 450 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मृतक के परिचितों से पूछताछ की और संदिग्धों पर नजर रखी। जांच की कड़ियां जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी और सोनू वर्मा तक जा पहुंचीं।

आरोपित जीजा-साला गिरफ्तार, तमंचा-स्कूटी बरामद

8 सितंबर को पुलिस टीम ने बैलपड़ाव, रामनगर से जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी पुत्र सतविंदर सिंह निवासी शाहजहांपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कबूल कर लिया कि उसने अपने साले सोनू वर्मा पुत्र जगदीश शरण वर्मा, निवासी मोहल्ला लाहोरियान के साथ मिलकर सचिन की हत्या की है।

यह भी पढ़ें 👉  तोता घाटी में पहाड़ से गिरे पत्थर ने ली ट्रक चालक की जान, चारधाम यात्रा से पहले सुरक्षा पर उठे सवाल

इसके बाद 9 सितंबर को पुलिस ने सोनू वर्मा को काशीपुर बाईपास से दबोच लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस और स्कूटी (यूके 06 डब्ल्यू 3165) बरामद कर लिए।

प्रेमिका संग रहने की खातिर रची गई साजिश

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि सोनू वर्मा का मृतक सचिन की पत्नी से प्रेम संबंध था। सचिन इन संबंधों का विरोध करता था और पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। इससे खफा सोनू ने अपने जीजा जसप्रीत से कहा कि वह सचिन को रास्ते से हटाना चाहता है, ताकि अपनी प्रेमिका के साथ रह सके।

साजिश के तहत जसप्रीत ने मोटरसाइकिल गिरवी रखने का बहाना बनाकर सचिन को ढेलापुल बुलाया। वहां मौका देखकर सोनू और जसप्रीत ने मिलकर उसे गोली मार दी और फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: विकास या विनाश? सीवर लाइन के गड्ढों ने ली बुजुर्ग की जान, स्कूटी फिसलने से ट्रक की चपेट में आए

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या का प्रयास, लूट, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट, चोरी और दहेज उत्पीड़न जैसे 8 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से दोनों राज्यों में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।

वहीं, सोनू वर्मा आशिक मिजाज प्रवृत्ति का शख्स है। मृतक की पत्नी से अवैध संबंधों के चलते उसके घर में कलह बढ़ गई और उसकी पत्नी ने उसे छोड़ दिया। इसी प्रतिशोध और जुनून में उसने सचिन को मौत के घाट उतारने की योजना बनाई।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad