काशीपुर : ढेला नदी के ऊपर बना पुल धंसा, ट्रैफिक को किया गया डायवर्ट

काशीपुरः उत्तराखंड में बारिश आफत बनकर बरस रही है. पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी बारिश का कहर दिखाई दे रहा है. पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश से भूस्खलन की घटनाएं हर दिन रिकॉर्ड की जा रही है. जबकि नदी-नाले भी उफान पर पहुंच चुके हैं. पानी के तेज बहाव के कारण नदी के ऊपर बने पुल भी धंस रहे हैं. बुधवार की सुबह उधमसिंह नगर के काशीपुर में एनएच-74 पर ढेला नदी के ऊपर बना पुल का हिस्सा धंस गया. इससे पुल के दो हिस्से हो गए. पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया है. सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया है.
पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई. पुल धंसने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है. ग्रामीणों ने पुल निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के आरोप लगाया है. घटना के बाद एसएसपी मंजूनाथ टीसी और जसपुर विधायक आदेश चौहान ने घटनास्थल का मुआयना किया. विधायक आदेश चौहान ने एनएच अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई है.
वहीं पूरे मामले पर काशीपुर के एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने कहा कि ढेला नदी में अधिक पानी आने की वजह से ढेला नदी का अप्रोच नीचे बैठ गया है. पानी का बहाव एक तरफ होने की वजह से ऐसा हुआ है. विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. नेशनल हाईवे के ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है. यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

