लालकुआं अपडेट, शातिराना अंदाज में चोरी के ट्रकों के कागज बदलकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश

लालकुआं। कोतवाली पुलिस ने चोरी के ट्रकों के कागजातों को दूसरे राज्यों से फर्जी तरीके से बदलवा कर उन्हें हल्द्वानी स्थित परिवहन विभाग से रजिस्टर्ड कराकर बिक्री करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर दो ट्रक जप्त किए हैं। मामले में मुख्य अभियुक्त सहित तीन कुख्यात अपराधी फरार है। जिनकी तलाश को टीमें गठित कर दी गई हैं।
उक्त जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ जगदीश चंद्र ने बताया कि गत 6 अक्टूबर को लालकुआं निवासी सुधीर कुमार ने स्थानीय कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया कि उसके द्वारा हल्द्वानी निवासी परवेज खान से एक ट्रक खरीदा गया था, जोकि परवेज खान द्वारा चोरी से खरीदने के बाद उसके कागजात फर्जी तरीके से बदलवाकर उसे बेचा जोकि धोखाधड़ी है, इसलिए उक्त जालसाज के खिलाफ कार्रवाई कर उसे उसकी रकम वापस दिलवाई जाए। पूरे प्रकरण पर कोतवाली पुलिस ने गंभीरता पूर्वक कार्रवाई करते हुए मामले में परवेज खान से पूछताछ की तो उसने पुलिस को बताया कि इम्तियाज उर्फ छोटा पुत्र निसार अहमद निवासी वार्ड नंबर 5 इस्लामनगर उधम सिंह नगर ने उसे यह ट्रक दिया है, जिसके बाद पुलिस ने इम्तियाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का कडी दर कड़ी खुलासा होता चला गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुड्डू वारसी उर्फ गुड्डू फुटबैल उर्फ नवाब वारसी निवासी वार्ड नंबर 5 इस्लाम नगर कोतवाली सितारगंज नामक व्यक्ति इस षड्यंत्र का मास्टरमाइंड है। वह चोरी के ट्रकों को बहुत ही कम दामों में खरीद कर अरुणाचल प्रदेश से एनओसी जारी करा कर हल्द्वानी परिवहन विभाग के कार्यालय में वाहनों को पंजीकृत करा लेता है। और उसके बाद उक्त गाड़ी को उच्चतम मूल्य में बेचकर चोरी के वाहनों को बेचने वाले गिरोह का संचालन कर रहा है। पुलिस ने चोरी कर ले गए इस प्रकार के दो दस टायरा ट्रकों को भी जप्त किया है। ट्रकों का आरटीओ कार्यालय हल्द्वानी में रजिस्ट्रेशन कराने की कार्रवाई चल रही थी। उन्होंने बताया कि जैसे ही मुख्य आरोपी पुलिस के हाथ लगेगा वैसे ही इस प्रकार चोरी कर बेचे गए अन्य ट्रकों के मामलों का भी खुलासा हो जाएगा।
फरार अभियुक्तों में गुड्डू वारसी के अलावा दानिश पुत्र अकील निवासी मुडलिया, घोसू, थाना अमरिया जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश तथा नूरुल निवासी अमरिया, जिला पीलीभीत, हाल निवासी वार्ड नंबर 1 रजा मैरिज हॉल के पास कस्बा सितारगंज, जनपद उधम सिंह नगर, की तलाश में कई टीमें गठित कर लगाई गई है। जल्द ही उक्त आरोपियों को भी पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। उक्त मामले का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल तरुण मेहता और अनिल शर्मा शामिल रहे।
यह भी पढ़े 👉 प्रदेश में राजनीतिक यात्राओं और रैलियों में नामों को लेकर चल रही मजेदार सियासत, पढ़े पूरा मामला
बॉक्स। महंगे ट्रकों की चोरी कर उनके फर्जी तरीके से कागज बदलवा कर उन्हें पुनः महंगे दामों में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ चोरी गए ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम से हुआ। गिरोह के सदस्यों द्वारा चोरी के ट्रक का जीपीएस सिस्टम एक दुकानदार को बेचा, उक्त दुकानदार ने जब जीपीएस अन्य व्यक्ति को बेचा और उसने उसे एक्टिवेट किया तो वैसे ही ट्रक के असली मालिक के मोबाइल में एक्टिवेशन का मैसेज आ गया। जिसकी सूचना ट्रक मालिक ने पुलिस को दी और एक के बाद एक करके पुलिस असली आरोपी तक पहुंच गई, अंततः पूरे प्रकरण का खुलासा हो गया।

