हल्द्वानी: विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल; कुमाऊं परिक्षेत्र के 29 निरीक्षकों के तबादले, तीन महिला इंस्पेक्टर भी शामिल

हल्द्वानी (नैनीताल)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमे ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में कुमाऊं परिक्षेत्र में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (IG) कुमाऊं परिक्षेत्र की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत कुल 29 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) को एक जनपद से दूसरे जनपद में स्थानांतरित किया गया है। इस सूची में तीन महिला निरीक्षक भी शामिल हैं।
चुनाव आयोग के मानकों के तहत लंबे समय से जमे अधिकारियों को हटाया गया
जारी स्थानांतरण आदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का स्पष्ट हवाला दिया गया है। इस कवायद के तहत ऐसे पुलिस निरीक्षकों का तबादला किया गया है, जो निर्धारित मानकों के अनुसार एक ही जनपद में लंबे समय से तैनात हैं और चुनाव प्रक्रिया के दौरान संबंधित जिले में ही ड्यूटी कर रहे थे।
इस व्यापक फेरबदल की जद में कुमाऊं मंडल के सभी छह जिले—ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़—आए हैं। आदेश के अनुसार, ऊधमसिंह नगर में तैनात कई निरीक्षकों को नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा भेजा गया है। इसी प्रकार नैनीताल से पिथौरागढ़ और बागेश्वर, तथा अल्मोड़ा से नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत सहित अन्य जनपदों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महिला निरीक्षकों के भी कार्यक्षेत्र बदले, तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश
कुमाऊं परिक्षेत्र की इस तबादला सूची में महिला पुलिस निरीक्षक बसंती आर्या, श्वेता दिगारी और पुनीता के नाम भी शामिल हैं, जिन्हें नए जनपदों में तैनाती दी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक ने कुमाऊं के सभी संबंधित जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को कड़े निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित किए गए सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके नवीन तैनाती स्थल के लिए कार्यमुक्त कर आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को आगामी चुनावों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

