पढ़ाई डॉक्टर की, हुनर चोरी का ! मेडिकल छात्र-छात्रा ने दिनदहाड़े लूटी महिला की चेन

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,पिथौरागढ़/हल्द्वानी। सीमांत धारचूला तहसील के तोली गांव में दिनदहाड़े हुई लूट ने लोगों को सन्न कर दिया। खेत में काम कर रही महिला को झांसा देकर करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन लूट ली गई। हैरानी की बात यह कि आरोपित कोई शातिर बदमाश नहीं, बल्कि राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के छात्र-छात्रा निकले।

मौसी का बहाना, फिर वार

मंगलवार को प्रेम प्रकाश की पत्नी 40 वर्षीय ममता देवी खेत में काम कर रही थीं। तभी मोटरसाइकिल से पहुंचे युवक-युवती ने गांव में अपनी मौसी होने की बात कहकर बातचीत शुरू की। भरोसा जीतने के बाद युवक ने अचानक महिला का मुंह दबाया और गले में पहनी सोने की माला झपट ली। दोनों मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की तहरीर पर जौलजीबी थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गौरी पुल क्षेत्र के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया। लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून कांड पर काशीपुर में सियासी संग्राम कांग्रेस का हल्ला-बोल, विधायक की गिरफ्तारी की मांग

मेडिकल छात्र निकले आरोपित

पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय सन्नी सिंह, निवासी पश्चिमी विहार दिल्ली, एमबीबीएस तृतीय वर्ष का छात्र है। 23 वर्षीय हिमानी बोरा, निवासी तोली बरम, रेडियोलॉजी का कोर्स कर रही है।
धारचूला के क्षेत्राधिकारी K S Rawat ने बताया कि छात्रा के उकसावे पर छात्र ने वारदात को अंजाम दिया।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर में इनकम टैक्स की बड़ी रेड: सिडकुल की 'ग्रीन पैनल' और स्टील व्यापारी के घर छापेमारी; जिम से उठाए गए कारोबारी

हॉस्टल से गायब था छात्र

कॉलेज प्रशासन के मुताबिक सन्नी पिछले एक सप्ताह से हॉस्टल से अनुपस्थित था। प्राचार्य Dr G S Tityal ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के बाद कॉलेज भी अपने स्तर पर आवश्यक कदम उठाएगा।
इलाज का पेशा चुनने वाले युवाओं की यह करतूत समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
डॉक्टर बनने की राह पर चल रहे हाथ जब लूट में लग जाएं, तो भरोसे की नींव हिलना लाजिमी है।