नैनीताल : जुड़वा बच्चों को जन्म देने वाली प्रसूता की अस्पताल ले जाते समय एक बच्चे सहित मौत
नैनीताल जनपद के ओखल कांडा विकासखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में एक और गर्भवती महिला की प्रसव के दौरान नवजात शिशु सहित मौत हो गयी. घटना के बाद ग्रामीणों में सरकार के खिलाफ तीव्र आक्रोश है.
ओखील कांडा विकासखंड की दूरस्थ, चंपावत जनपद की सीमा से लगे ग्राम सभा चमोली निवासी 26 वर्षीय विमला चिलवाल पत्नी देव सिंह चिलवाल को सोमवार प्रातः करीब 6 बजे प्रसव पीड़ा होने लगी थी. इस पर परिजनों ने 108 को फोन कर बुलाया. 108 के पहुंचने से पहले एक बच्चे का जन्म हो चुका था जबकि दूसरा जुड़वा बच्चा गर्भ में ही था. उसके प्रसव के लिए 108 एंबुलेंस महिला को लेकर करीब 36 किलोमीटर दूर स्थित ओखल कांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए लेकर रवाना हुई लेकिन सड़क की जर्जर हालत होने के कारण महिला ने एंबुलेंस में ही दूसरे बच्चों को जन्म दे दिया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले महिला और एक नवजात शिशु की मौत हो गई.

बताया गया है कि विमला अपने पति के साथ गाजियाबाद रहती थी और हाल में ही अपने घर चमोली आई थी और स्वस्थ थी. घर आने के बाद भी कई बार उसने यहां भी टीके लगवाए थे और स्वास्थ्य जांच कराई थी. ओखलकांडा चिकित्सक एसपी सिंह ने बताया कि प्रसूता महिला विमला एवं उसके एक बच्चे की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी दूसरे बच्चे का वजन कम होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है. इधर एम्बुलेंस चालक देवेश ने बताया कि उनके पहुंचने तक महिला ने एक बच्चे को जन्म दे दिया था. उन्हें ग्रामीणों ने करीब आधा घंटा रोक दिया. यदि न रोकते तो शायद महिला की जान बच सकती थी.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

