पैसों के लेनदेन के चक्कर में चली गई पप्पी सागर की जान, पुलिस ने पप्पी हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए हत्या कांड में शामिल 4 लोगों को किया गिरफ्तार
Pappi Sagar's life was lost due to money transaction, police arrested 4 people involved in the murder case, disclosing the Pappi murder case within 24 hours
राजू अनेजा,रामनगर । रामनगर में हुए पप्पी सागर हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए हत्याकांड में शामिल चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया पुलिस ने खुलासे में बताया कि पैसे के लेनदेन के चक्कर में पकड़े गए चार युवकों ने पप्पी सागर को ठिकाने लगा दिया था।
बताते चले कि रामनगर से कोतवाली रामनगर को सूचना प्राप्त हुई कि अरविन्द उर्फ पप्पी सागर को गोली लगी है। सूचना पर तत्काल कोतवाल रामनगर अरुण कुमार सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो पता चला कि अरविन्द उर्फ पप्पी सागर की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने पप्पी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही के उपरान्त साक्ष्य एकत्रित किये गये तथा आस-पास के लोगों व परिजनों से जानकारी की गयी तो उन्होंने बताया कि प्रातः 05.00 बजे के आसपास आजम नाम का युवक जिप्सी से अपने साथियों के साथ आया था तथा इरफान से उसका झगड़ा होने की बात कहकर पप्पी सागर को अपने साथ ले गया था। उसके तुरन्त बात इन्होंने इरफान के घर के सामने पप्पी सागर को गोली मारकर हत्या कर दी तथा फरार हो गये।
मृतक के भाई चन्दन सागर की तहरीर के आधार पर तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया। वहीं, एसएसपी नैनीताल पंकज भट्ट ने अपने अधीनस्थों को हत्या का शीघ्र अनावरण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
पप्पी की हत्या के खुलासे व शान्ति व्यवस्था के लिए एसपी ट्रेफिक व क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र तथा एएसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह के पर्यवेक्षण में 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। सीओ रामनगर बलजीत सिंह भाकुनी सीओ लालकुआं संगीता, सीओ ऑप्स नितिन लोहनी कोतवाल लालकुआं डीआर वर्मा, थानाध्यक्ष कालाढूंगी नन्दन सिंह रावत, थानाध्यक्ष वनभूलपुरा नीरज भाकुनी, थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर महेश जोशी थानाध्यक्ष खनस्यू भुवन सिंह राणा, एसओजी प्रभारी नैनीताल राजवीर सिंह नेगी तथा थाना रामनगर की टीम द्वारा शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु तत्काल कार्यवाही करते हुए तथा सभी टीमों को अलग-अलग टास्क देकर घटना के अनावरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
घटना के अनावरण के लिए सूचना संकलन हेतु मुखबिर खास मामूर किये गये तथा सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, सीडीआर का विश्लेषण व सोशल मिडिया मॉनिटरिंग की गयी। उक्त टीमों द्वारा किये गये अथक प्रयासों तथा सूचना संकलन के उपरान्त अभियुक्तगणों के मालधन क्षेत्र में होने की सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए समय करीब 4 बजे 1- आजम (20 वर्ष) पुत्र रफी निवासी जसपुर खुर्द, थाना आईटीआई, काशीपुर जिला ऊधम सिंह नगर, हाल निवासी चर्च के पास खताड़ी, रामनगर 2- रिजवान उर्फ सुक्खा (24 वर्ष) निवासी वार्ड नं. 2, महुआखेड़ा गंज थाना आईटीआई 3- इरफान पुत्र इकरार हुसैन निवासी लूटाबड़, रामनगर तथा 4- साबिर उर्फ पंचर पुत्र शाकिर हुसैन निवासी लूटाबड़, रामनगर को मय जिप्सी तथा घटना में प्रयुक्त आला ए कत्ल सहित मालधन वन चौकी के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 2 तमन्चे 315 बोर मय 7 कारतूस, 1 जिप्सी तथा दो बाइकें भी बरामद की गईं।
पुलिस द्वारा पूछताछ किये जाने पर अभियुक्तगणों ने बताया आजम ने पप्पी के भाई चन्दन सागर को जेल से बाहर निकालने के लिए 70,000/- रुपये नगद अरविन्द उर्फ पप्पी सागर को दिये थे। जब आजम पप्पी सागर से अपने रुपये वापिस मांगता तो पप्पी उसे रुपये देने से मना कर देता था तथा उसे डरा धमकाकर उसके साथ गाली गलौच करता था तथा उससे सीधे मुंह बात नहीं करता था। जिससे आजम को यह अन्देशा हो गया था कि पप्पी सागर उसे जान से मार सकता है। वहीं, इरफान तथा उसका भाई जुए में बहुत पैसा हार गये थे। पप्पी सागर ने उन रुपये के बदले इरफान की गाड़ी, सोने के जेवर तथा आई फोन गिरवी रख लिए थे, जिससे आजम व इरफान दोनों पैसे लाचार हो गये। बात-बात में पप्पी इनको जलील करता व गाली गलौच करता था। जिससे इन्होंने पप्पी सागर को मारने की योजना बनायी। घटना से पूर्व इनकी आपस में बातचीत हुई थी तथा योजना के तहत दिनांक 29.04.23 की रात्रि में ये अपने साथियों सहित आजम के किराये के घर पर रुके तथा योजना बनाकर पप्पी सागर की हत्या कर दी।
घटना के खुलासे पर एसएसपी पंकज भट्ट ने पुलिस टीम को 5000/- रुपये का नगद पुरुस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस टीम में कोतवाल रामनगर अरुण कुमार सैनी, नन्दन सिंह रावत थानाध्यक्ष कालाढुंगी मय टीम, राजवीर सिंह नेगी प्रभारी एसओजी मय टीम, महेश जोशी थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर मय टीम, भुवन सिंह राणा थानाध्यक्ष खनस्यू, एसएसआई रामनगर अनीस अहमद, एसआई राजेश जोशी, तारा सिंह राणा, रविन्द्र राणा, जोगा सिंह, गगनदीप सिंह, हे.का. हेमन्त सिंह, राजेश कुमार, कां. गगन भण्डारी, संजय सिंह, संजय दोसाद, विजेन्द्र सिंह, ललित राम, राजेश कुमार, विपिन शर्मा, मौ. राशिद, प्रयाग कुमार शामिल थे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

