रामनगर। रामनगर-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप स्थित ‘लीगर किला’ नामक विदेशी शराब की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि दुकान के अंदर मौजूद कर्मचारियों ने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के प्रतिष्ठानों तक आग फैलने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
कर्मचारियों में मचा हड़कंप, तत्काल पहुंची फायर टीम
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह दुकान के अंदर अचानक आग की लपटें उठने लगीं, जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तुरंत दुकान स्वामी और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर मोर्चा संभाला और काफी देर तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय पर काबू पाने से आसपास मौजूद दुकानों और पेट्रोल पंप तक खतरा टल गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
एसी फटने से हादसे की आशंका, जांच में जुटा विभाग
फायर विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण दुकान में लगे एयर कंडीशनर (AC) का फटना माना जा रहा है। हालांकि, अग्निशमन विभाग सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहा है। फायर कर्मी भूपेंद्र मेहता ने बताया कि टीम की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान होने से बच गया। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और दुकान स्वामी से जानकारी जुटाने के बाद ही वास्तविक क्षति का पता चल सकेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें