देर रात आए तेज अंधड़ ने बरपाया कहर, हाई कोर्ट से लौट रहे अधिवक्ता की कार पर भारी भरकम पेड़ गिरने से दर्दनाक मौत

Late night storm wreaked havoc, painful death due to heavy tree falling on advocate's car returning from High Court

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,हल्द्वानी। देर रात आये आंधी तूफान ने इतना कहर बरपाया कि हाईकोर्ट से काम निबटा कर बेटी से मिलने रुद्रपुर जा रहे हाईकोर्ट के अधिवक्ता की कार पर तेज अंधड़ से भारी-भरकम यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रामपुर रोड हल्द्वानी पर बताया जा रहा है। इधर हाईकोर्ट के अधिवक्ता की मौत पर न्यायालय परिसर में शोक की लहर व्याप्त है वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात अंधड़ और तूफानी बरसात का खौफनाक कहर देखने को मिला। यहां रामपुर रोड में तेज आंधी की चपेट में आकर एक भारी-भरकम पेड़ सड़क पर चलती हुई कार संख्या यूके 07 डीपी- 7923 के ऊपर जा गिरा। जिससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो कर पिचक गई इस भयावह हादसे में गाड़ी में सवार नैनीताल हाईकोर्ट के अधिवक्ता तनुज सेमवाल को हिलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
विदित रहे कि इस तूफानी आंधी में कई पेड़ धराशाई हो गए, और बिजली का पोल भी तार समेत टूटकर सड़क पर जा गिरा, जिससे घटनास्थल पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम लग गया। पेड़ गिरने से शहर में जगह-जगह यातायात प्रभावित रहा। 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चले तूफान से बिजली पोल, लाइनें ध्वस्त हो गईं, जिसके चलते पूरे शहर में अंधकार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। जिसमें काफी मशक्कत के बाद वाहनों का आवागमन सुचारू करवाया। वही इस भयावह हादसे में विशालकाय पेड़ की चपेट में आई क्षतिग्रस्त कार से कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल ने कटर से कार के कई हिस्सों को काटकर शव को बाहर निकाला।
कार में सवार हाईकोर्ट के अधिवक्ता तनुज सेमवाल हल्द्वानी से रुद्रपुर जाने के लिए निकले और देवलचौड़ पर आईसक्रीम खरीदी और उसे खाते हुए जा रहे थे। घर से फोन आया तो बताया कि बस पहुंच रहा हूं। रात 10:50 बजे तूफान आया लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय घर जाना उचित समझा जो उनके लिए भारी गलती साबित हुई। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी में हादसे का मंजर कैद हो गया। इसमें साफ नजर आ रहा है कि इस दर्दनाक़ हादसे से पहले वो चंद सेकंड रुके और फिर कार जैसे ही आगे बढ़ाई कि अचानक भारी भरकम यूकेलिप्टस का दरख़्त कार के ऊपर गिरा और वह उसके नीचे दब गए।
सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों और फायर कर्मियों को सूचना देने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू हुआ और रात करीब 12ः45 बजे कार से तनुज का शव कार से निकाला जा सका।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार तनुज सेमवाल नैनीताल हाईकोर्ट बार काउंसिल कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य थे तनुज पौड़ी के रहने वाले थे और उनकी बेटी रुद्रपुर में रहती है। परिवार नैनीताल के नैनागांव में रहता है। बताया जा रहा है संभवता अपनी बेटी से मिलने के लिए रुद्रपुर जा रहे थे। अधिवक्ता की दर्दनाक मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में लाखों की चोरी का 24 घंटे में खुलासा: कार्यालय में पुताई करने वाले शातिर पेंटर ने ही उखाड़ा था शटर, ₹3.17 लाख नकद और दस्तावेज बरामद
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  खटीमा के जंगलों में कोहराम: सुरई रेंज में 8 माह की टाइगर शावक और किलपुरा रेंज में नर हाथी का मिला शव; आपसी संघर्ष में मौत की आशंका