रुद्रपुर : आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को बांटे जाने वाली दवाओं में फंगस और पट्टियों के खराब मिलने पर मचा हड़कंप
रुद्रपुरः उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां आंगनबाड़ी केंद्र गंगोली में बच्चों को वितरित करने के लिए लाई गई दवाई में फंगस और गंदगी मिली है. इसके अलावा जो पट्टियां लाई गई हैं, वो भी खराब है. जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. मामले का संज्ञान आते ही अधिकारियों ने आनन-फानन में दवाओं के वितरण में रोक लगा दी है. साथ ही सभी केंद्रों में दवाओं को चेक करने के निर्देश दिए गए हैं.
मासूमों के स्वास्थ्य का ख्याल आंगनबाड़ी केंद्र में किस तरह किया जाता है, इसकी बानगी उधम सिंह नगर जिले में देखने को मिल रही है. आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन पूर्व आई दवा की खेप खराब पाए जाने पर विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. अब जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में खराब दवाइयों को रिप्लेस करने के निर्देश जारी किए हैं. वहीं, स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है.

जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र गंगोली में लाभार्थी दवा लेने केंद्र में पहुंचा था. जैसे ही आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका ने बॉक्स खोल कर दवा निकाली तो दवा में फंगस लगा मिला. प्राथमिक उपचार के लिए दी गई पट्टी भी पूरी तरह से गंदी थी. साथ ही छोटे बच्चों के लिए लाई गई लिक्विड पेरासिटामोल शीशी में भी लीकेज पाई गई. जिसके बाद लाभार्थी ने इसकी सूचना विभाग के अधिकारियों को दी. वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र गंगोली की संचालिका ने बताया कि दवाओं की खेप कल ही उनके पास पहुंची है.
गंगोली आंगनबाड़ी केंद्र में खराब दवाओं की सूचना मिली है. सभी केंद्रों को दवा चेक करने के निर्देश दिए गए हैं. खराब दवाओं के वितरण पर रोक लगा दी गई है. – उदय प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

